बुलंदशहर: बुरी तरह झुलसी रेप पीड़िता ने इलाज के दौरान दिल्ली में तोड़ा दम, SSP ने सीओ को किया लाइन हाजिर
बुलंदशहर। खबर उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले से है। यहां 17 नवंबर की सुबह एक रेप पीड़िता संदिग्ध परिस्थितियों में बुरी तरह झुलस गई। जिसे आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टरों ने दिल्ली रेफर कर दिया। दिल्ली के अस्पताल में इलाज के दौरान पीड़िता की देर रात मौत हो गई। तो वहीं, पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि आरोपी युवक का चाचा उन पर समझौते के लिए दबाव बना रहा था। मना करने पर चाचा सुबह अपनी पत्नी के साथ घर आया और लड़की को आग लगा दी।

यह घटना बुलंदशहर के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र की है। एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित ने 15 अगस्त 2020 को दुष्कर्म मामले में आरोपी युवक को नामजद करते हुए केस दर्ज कराया था। आरोप लगाया था कि वह 14 अगस्त की शाम गांव के बाहर अमरूद के बाग में गई थी। जहां से वह लापता हुई थी। अगली सुबह यानी 15 अगस्त को एक गन्ने के खेत में बेहोशी की हालत में मिली थी। इस प्रकरण में पुलिस ने आरोपी हरिचंद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। फिलहाल आरोपी जेल में ही बंद है।
आरोप है कि घटना के बाद से ही आरोपी के परिजन पीड़ित परिवार को समझौते के लिए दबाव बना रहा था। मंगलवार सुबह परिजनों ने किशोरी को आग की लपटों से घिरा हुआ पाया। परिजन ने आग पर काबू बुझाकर उसे जिला अस्पताल में भर्ता कराया। जहां उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया था। जहां इलाज के दौरान पीड़िता की देर रात मौत हो गई। इस प्रकरण में जहांगीराबाद पुलिस ने आरोपी चाचा-चाची समेत सात आरोपियों पर IPC की धारा 1147, 506, 452, 307 और SC/ST एक्ट के तहत FIR दर्ज की है।
सीओ और इंस्पेक्टर हटाए गए
पुलिस ने इस मामले में 5 नामजद लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता के परिजनों ने 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। तो वहीं, एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने सीओ और दो थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की है। एसएसपी ने अनूपशहर के सीओ अतुल चौबे को लाइन हाजिर कर दिया है। अनूपशहर के सीओ का चार्ज डिबाई की सीओ वंदना शर्मा को दिया गया है। साथ ही जहांगीराबाद के थाना प्रभारी विवेक शर्मा को भी हटा दिया गया है। साथ ही बीट सब इंस्पेक्टर और बीट कॉन्स्टेबल को भी सस्पेंड कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications