Kalyan Singh : बुलंदशहर के नरौरा में आज होगा कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार, गृहमंत्री अमित शाह भी होंगे शामिल
बुलंदशहर, 23 अगस्त: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान और हिमाचल के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार आज बुलंदशहर के नरौरा स्थित गंगा किनारे बांसी घाट पर किया जाएगा। इस दौरान यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी समेत केंद्र और राज्य सरकार के कई मंत्रियों, सांसदों, विधायकों के पहुंचने की संभावना है। गृहमंत्री अमित शाह भी कल्याण सिंह की अंतिम यात्रा में शामिल हो सकते हैं।
Recommended Video

कल्याण सिंह का लंबी बीमारी के बाद निधन
यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का लंबी बीमारी के बाद शनिवार रात लखनऊ के एसजीपीजीआई में निधन हो गया था। कल्याण सिंह 89 वर्ष के थे। वह 4 जुलाई से लखनऊ के एसजीपीजीआई में भर्ती थे। कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर रविवार को अंतिम दर्शन के लिए लखनऊ में उनके आवास, विधान भवन और भाजपा कार्यालय में रखा गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
नरौरा में किया जाएगा कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार
पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए अलीगढ़ के महारानी अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम में रखा गया। यहां से उनका पार्थिव शरीर अतरौली में उनके पैतृक गांव ले जाया गया। कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार आज बुलंदशहर के नरौरा स्थित गंगा किनारे बांसी घाट पर किया जाएगा। इससे पहले पार्थिव शरीर को नरौरा में स्थित बच्चा पार्क में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा, जहां स्थानीय और बाहर से आने वाले लोग श्रद्धांजलि अर्पित कर सकेंगे।
नरौरा में चार हेलीपैड बनाए गए
नरौरा में हेलीकॉप्टर से आने वाले वीवीआई के लिए चार हेलीपैड भी बनाए जा रहे हैं। एडीएम डॉ. प्रशांत भारती ने बताया कि नरौरा गंगा किनारे स्तिथ गेस्ट हाउस में वीवीआई के ठहरने की व्यवस्था की गई है। बांसी घाट के पास शीश महल गेस्ट हाउस की भी साफ-सफाई, रंगाई पुताई की गई है। सभी चाक-चौबंद व्यवस्थाएं बनाई जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications