Bulandshahr Violence: इंस्पेक्टर सुबोध का अंगूठा कटकर लटका हुआ था, शरीर पर थे 18 घाव
बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर हुई हिंसा में शहीद हुए स्याना थाना के इंस्पेक्टर की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेसिंक विभाग की वीडियोग्राफी में चौंकाने वाले खुलासे हुए है। स्याना थाने के इंस्पेक्टर सुबोध कुमार का अंगूठा कटकर लटका हुआ था और शरीर पर 18 घाव थे।

शरीर पर मिले थे 18 घाव
मीडिया खबरों के अनुसार, फॉरेंसिक टीम प्रभारी सुरेंद्र कुमार की मानें तो इंस्पेक्टर सुबोध कुमार के सर में तीन गहरे घाव थे। गोली दिमाग में फंसी थी। दोनों आंखों के नीचे चोट के निशान थे। अंगूठा कटकर लटका हुआ था। पीठ पर लाठी और पत्थरों के 7 निशान थे। बाएं पैर के घुटने के पीछे चार निशान थे। बता दें कि स्याना इंस्पेक्टर सुबोध कुमार की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में उनके सर में गोली लगने और चोट लगने की पुष्टि हुई है।

32 बोर की पिस्टल से चली थी गोली
पोस्टमॉर्टम रिपोर्स के मुताबिक शहीद इंस्पेक्टर सुबोध कुमार व बीजेपी कार्यकर्ता सुमित को एक ही हथियार से गोली लगी है। सूत्रों की मानें तो इंस्पेक्टर सुबोध कुमार और बीजेपी कार्यकर्ता सुमित को .32 बोर की पिस्टल से गोली मारी गई थी। घटना के कई वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान से पता चला है कि इंस्पेक्टर को गोली मारने से पहले बुरी तरह पीटा गया। भीड़ इस कदर उग्र हो गई थी कि सुबोध कुमार अकेले ही रह गए थे। साथी पुलिसकर्मी अपनी जान बचाने के लिए उन्हें अकेला छोड़कर भाग गए थे। सुबोध कुमार की सर्विस रिवॉल्वर भी उनके पास नहीं मिली है।

चमन, देवेन्द्र, आशीष चौहान और सतीश की हुई गिरफ्तारी: एडीजी लॉ एंड ऑर्डर
आनंद कुमार ने कहा कि किस संगठन के लोग इसमें शामिल थे, इस पर कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। बुलंदशहर हिंसा को लेकर 50 से 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। 4 लोग गिरफ्तार किए गए हैं, वहीं 4 से 5 लोग हिरासत में लिए गए हैं। चमन, देवेन्द्र, आशीष चौहान और सतीश की गिरफ्तारी हुई है। इन सभी के नाम उन 27 लोगों में हैं जिनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।

NHRC ने यूपी सरकार और पुलिस प्रमुख को जारी किया नोटिस
आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा- एनएचआरसी ने मीडिया रिपोर्टों पर स्वत: संज्ञान लिया और उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव तथा पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी करके इस घटना के संबंध में उपद्रवियों के खिलाफ की गई कार्रवाई समेत एक विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। आयोग ने नोटिसों में कहा है कि यह हिंसक विरोध और उग्र भीड़ द्वारा किये उपद्रव की एक और घटना है जिससे अराजकता और संवेदनशील मुद्दों तथा स्थितियों से निपटने में प्रशासन की विफलता उजागर हो गई है।

क्या था पूरा मामला
बुलंदशहर के स्याना थाना क्षेत्र की चिंगरावठी पुलिस चौकी क्षेत्र में सोमवार की दोपहर को गोकशी की सूचना पर जमकर बवाल हुआ था। इस दौरान चिंगरावटी गांव में काफी संख्या में हिंदूवादी संगठन और ग्रामीण एकत्र हो गए। गुस्साए लोगों ने चिंगरावटी चौराहे को जाम कर दिया और पुलिस चौकी में खड़े वाहनों में आग लगा दी थी। इस घटना में स्याना इंस्पेक्टर सुबोध कुमार और भाजपा कार्यकर्ता सुमित कुमार की मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस जांच कर रही है। चिंगरावठी गांव में लगाता छापेमारी जारी है।












Click it and Unblock the Notifications