टीचर ने बच्चों को बनाया 'मुर्गा', अभिभावकों ने वीडियो बनाकर किया वायरल, BSA ने दिए जांच के आदेश
Bulandshahr Government School Video Viral: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से एक सरकारी स्कूल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि विद्यालय के अध्यापक द्वारा बच्चों को मुर्गा बनाया गया है।
इस दौरान अधिकतर लड़कियां ही मुर्गा बनी दिखाई दे रही हैं। वायरल वीडियो के साथ यह भी दावा किया जा रहा है कि इस वीडियो को बच्चों को स्कूल में छोड़ने गए किसी अध्यापक द्वारा ही बनाया गया है। फिलहाल वन इंडिया हिंदी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

वहीं वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिले में शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारियों में हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ लक्ष्मीकांत पांडे द्वारा जांच के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
नगला मायापुर का बताया जा रहा है वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो ऊंचगांव विकासखंड के नगला मायापुर गांव स्थित संवलियन विद्यालय का बताया जा रहा है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कुछ बच्चों को मुर्गा बनाया गया है। वीडियो वायरल करने वालों द्वारा यह भी दावा किया जा रहा है कि मुस्लिम टीचर द्वारा उन्हें मुर्गा बनाया गया है।
हालांकि बच्चों को दंडित क्यों किया गया है इसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। इस वीडियो को बनाने के बाद अभिभावक द्वारा ही वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया गया। वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड होने के बाद लोग इसे शेयर करने लगे।
इधर प्रधानाध्यापक का कहना है कि स्कूल में किसी भी छात्र-छात्रा को इस तरीके से दंडित नहीं किया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि वीडियो कहां से आया है और किसके द्वारा वीडियो बनाया गया है इसके बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है।
खंड शिक्षा अधिकारी गोपाल त्यागी द्वारा वीडियो के बारे में और अभिज्ञता जाहिर की गई। जबकि बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉक्टर लक्ष्मीकांत पांडे द्वारा बताया गया कि यह प्रकरण संज्ञान में आया है, मामले की जांच कराई जा रही है।श् मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications