बुलंदशहर गैंगरेप-सुसाइड केस: फरार आरोपियों पर 15-15 हजार रुपए इनाम घोषित, SSP ने कहा- जल्द होगी गिरफ्तारी
बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में गैंगरेप पीड़िता के सुसाइड मामले में दो आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। एसएसपी संतोष कुमार ने इन दोनों फरार आरोपी अबरार और मुबीन पर 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। बता दें, अनूपशहर में बीते 16 नवंबर को गैंगरेप पीड़िता ने आत्महत्या कर ली थी। सुसाइड नोट में पीड़िता ने कमरूद्दीन, अबरार और मुबीन पर उसके साथ गैंगरेप का आरोप लगाया था। पुलिस ने मुख्य आरोपी कमरूद्दीन को हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार कर लिया, लेकिन अभी भी दो आरोपी अबरार और मुबीन फरार चल रहे हैं।

गैंगरेप पीड़िता ने फांसी लगाकर किया था सुसाइड
एलएलबी की छात्रा के साथ 15 अक्टूबर को गैंगरेप किया गया। इस मामले में 24 अक्टूबर को एफआईआर दर्ज कराई गई थी। लेकिन पुलिस ने किसी को गिरफ्तार नहीं किया। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर छात्रा ने बीते सोमवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड नोट में पुलिस पर आरोपियों की गिरफ्तारी न होने के आरोप लगाए। सुसाइड नोट के मुताबिक, कमरुद्दीन ने छात्रा को बहला-फुसलाकर मिलने के लिए बाहर बुलाया और अपने दोस्तों के साथ उठाकर ले गया। इसके बाद कमरुद्दीन और उसके दोस्तों ने उसके साथ गैंगरेप किया।
दो फरार आरोपियों पर 15-15 हजार रुपए का इनाम घोषित
एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने सीओ अनूपशहर अतुल चौबे और इंस्पेक्टर सुभाष सिंह को लाइन हाजिर किया है। एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मामले में मुख्य आरोपी कमरूद्दीन को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अन्य दो फरार आरोपी अबरार और मुबीन फरार हैं, जिनपर 15-15 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। बता दें, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के निर्देश पर बीते मंगलवार को कांग्रेस की 5 सदस्यीय टीम पीड़िता के घर पहुंची थी। कांग्रेस ने यूपी सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और परिवार को 20 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है।












Click it and Unblock the Notifications