Bulandshahr: ट्रक और वैन की टक्कर में तीन प्रवासी श्रमिकों की हुई मौत, जींद से लौट रहे थे घर
Bulandshahr, April 21: कोरोना वायरस महामारी और लॉकडाउन के डर के चलते प्रवासी श्रमिक वापस लौटने लगे है। बुधवार की सुबह प्रवासी श्रमिक वापस घर लौटने के दौरान बुलंदशहर जिले के अनूपशहर कोतवाली क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गए। हादसे में तीन श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि तीन श्रमिक जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी श्रमिकों को गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

ये हादसा बुलंदशहर जिले के अनूपशहर थाना क्षेत्र दुगरउ गांव के पास हुआ है। यहां एक तेज रफ्तार ट्रक और मारुति वैन की आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में करणपुर कला निवासी विजय, जगरूप और गणपत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दानिश और एक अज्ञात गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। रात्रि में ही मौके पर पहुंचे एसडीएम पदम सिंह ने परिजनों को समझा-बुझाकर तीनों मृतकों के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया, जबकि घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना के तुरंत बाद सीओ आरसी त्रिपाठी, कोतवाली प्रभारी रामसेन सिंह मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने ट्रक को बरामद कर लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि यह सभी मजदूर हरियाणा के जींद में मजदूरी किया करते थे। बढ़ते कोरोना के लेकर देशभर में लॉकडाउन की चर्चाओं के बीच यह सब मजदूर भी अपने-अपने गांव वापस आ रहे थे, लेकिन घर के समीप सड़क हादसे में चार मजदूरों ने अपनी जान गंवा दी। तो अन्य दो मजदूर जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।
हालांकि पूरे मामले में एसपीआरए हरेंद्र कुमार का कहना है कि सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। जबकि तीन लोग घायल हुए हैं जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती हैं। तीनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।
ये भी पढ़ें:- Meerut: बेटी पर गलत नजर रखता था बाप, विरोध किया तो उस्तरे से कर दिया गंजा



Click it and Unblock the Notifications