Badaun Election 2024: 'मैं गुंडों का सरदार तो BJP प्रत्याशी मेरा चेला', जानें क्यों शिवपाल यादव ने कहा ऐसा?
Lok Sabha Election 2024: बदायूं के बिसौली विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार करने पहुंचे समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल यादव ने भाजपा प्रत्याशी दुर्विजय शाक्य के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अगर हम उनको गुंडो के सरदार लगते हैं तो दुर्विजय हमारे चेला हैं।
दरअसल, भाजपा से बदायूं के प्रत्याशी दुर्विजय शाक्य ने शनिवार को बयान दिया था कि शिवपाल का स्वभाव गुंडे का है। वे गुंडा तत्वों को संरक्षण देते हैं और वह गुंडो के सरदार हैं, मैं तो यही मानूंगा। उनके बयान के बाद सोमवार को बदायूं में चुनाव प्रचार करने निकले शिवपाल यादव ने पलटवार किया।

शिवपाल यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में महिलाओं का कितना अपमान होता है यह तो आपने देखा ही है। जो यहां से सांसद थीं, उनका अपमान हुआ है। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा ने उनका टिकट काट दिया है। ऐसे में अब वह हमारा साथ देंगी।
बेटे के चुनाव लड़ने पर भी दिया बयान
इधर कुछ दिनों से चर्चा चल रही है कि बदायूं से शिवपाल यादव के बेटे आदित्य यादव चुनाव लड़ सकते हैं। इस बारे में जब मीडियाकर्मियों ने उनसे सच जानना चाहा तो उन्होंने कहा कि बदायूं से चाहे हम चुनाव लड़ें या आदित्य लड़ें बात तो एक ही है।
इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि जब लोगों की मांग है युवा नेता की तो युवा ही लड़ सकते हैं। उन्होंने संकेत दिया कि जल्द ही इस बात पर निर्णय हो जाएगा और नवरात्रि में सभी नाम की घोषणाएं हो जाएंगी। उसके बाद पंडित जी से जल्द ही नामांकन की तारीख भी पूछ लेंगे।
इंडिया गठबंधन के नेताओं द्वारा पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जिसको टिकट नहीं मिल रहा है और जिसकी टिकट पाने की औकात नहीं है, जिनका कोई अस्तित्व नहीं है वही लोग पार्टी छोड़कर जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications