कश्मीर के गुलमर्ग में बना दुनिया का सबसे बड़ा इग्लू कैफे, जानिये क्या है इसकी खासियत
कश्मीर की खूबसूरती में एक और चांद लग गया है और वो है जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में बना दुनिया का सबसे बड़ा 'इग्लू कैफे'।
श्रीनगर, 8 फरवरी। कश्मीर को यूं ही 'धरती का स्वर्ग' नहीं कहा जाता, यहां की वादियां, लंबे-लंबे चिनार के पेड़, हरियाली, बर्फ से ढंकी चोटियां इसकी खूबसूरती में चार चांद लगाती हैं। अब कश्मीर की खूबसूरती में एक और चांद लग गया है और वो है जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में बना दुनिया का सबसे बड़ा 'इग्लू कैफे'।
यह भी पढ़ें: दुनिया लता मंगेशकर की दीवानी थी और लता CID की, कभी भी MISS नहीं किया एक भी एपिसोड

गुलमर्ग में बना दुनिया का सबसे बड़ा इग्लू कैफे
जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग के प्रसिद्ध स्की-रिजॉर्ट में हाल ही में बनकर तैयार हुआ इग्लू स्थानीय लोगों और सैलानियों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बना हुआ है और सैलानी इस कैफे में भोजन का जमकर लुत्फ उठा रहे हैं। इस कैफे के मालिक सैयद वसीम शाह ने दावा किया है कि यह दुनिया का सबसे बड़ा इग्लू कैफे है। शाह ने बताया कि इस इग्लू की ऊंचाई 37.5 फुट और इसका व्यास 44.5 फीट है।

स्विटजरलैंड से मिली इग्लू बनाने की प्रेरणा
शाह ने कहा कि कुछ समय पहले में स्विटजरलैंड गया था और वहां मैंने इस कॉन्सेप्ट को देखा। वहां इस तरह की होटल बनी हुई हैं, जिनमें सोने तक की सुविधा है। वहीं से मेरे दिमाग में विचार आया कि हमारे गुलमर्ग में भी जबरदस्त बर्फबारी होती है तो क्यों न वहां भी इसी कॉन्सेप्ट को लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि उन्होंने पिछले साल भी एक इग्लू बनाया था जो एशिया का सबसे बड़ा कैफे था।

स्विटजरलैंड में दुनिया का सबसे बड़ा इग्लू कैफे
शाह ने कहा कि इस साल मैंने दुनिया का सबसे बड़ा इग्लू बनाया है जिसकी ऊंचाई 37.5 फीट जबकि इसका व्यास 44.5 फीट है। उन्होंने कहा कि गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के अनुसार दुनिया का सबसे बड़ा इग्लू स्विटजरलैंड में है जिसकी ऊंचाई 33.8 फीट और व्यार 42.4 फीट है, लेकिन ये उससे भी बड़ा है। शाह ने कहा कि पिछले वर्ष जो कैफे था उसमें 4 मेज थीं और एक बार में 16 लोगों के बैठकर खाने की व्यवस्था थी, लेकिन इस साल इसमें 10 टेबल की व्यवस्था है।

इग्लू में और क्या है खास
शाह ने बताया कि इस इग्लू में एक साथ 40 लोग खाना खा सकते हैं। इसे बनाने में 64 दिनों का समय लगा। शाह ने कहा कि 25 लोगों ने दिन-रात एक कर इस इग्लू को बनाया है। इसकी मोटाई 5 फीट है। शाह ने कहा कि हमें आशा है कि यह 15 मार्च तक टिका रहेगा, इसके बाद हम इसे आमजन के लिए बंद कर देंगे। यह कैफे सैलानियों और स्थानीय लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बना हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications