कहानी नहीं हकीकत है! बचपन की किताब वाला कौवा अब है इंटरनेट सेंसेशन, पानी में कंकड़ डालते वीडियो वायरल
Viral Video: बचपन में दादा-दादी या स्कूल की किताबों से आपने जरूर एक कहानी सुनी होगी, प्यासे कौवे की। एक ऐसा कौवा जो पानी की तलाश में इधर-उधर भटकता है और जब उसे आधा भरा घड़ा मिलता है, तो वह कंकड़ डालकर पानी का स्तर ऊपर करता है और अपनी प्यास बुझा लेता है।
इस कहानी को अब तक हम एक नैतिक शिक्षा समझकर पढ़ते थे, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो इस "कहानी" को हकीकत में बदलता नज़र आ रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक कौवा बिल्कुल उसी तरकीब का इस्तेमाल कर रहा है, जैसा हमने "थर्स्टी क्रो" की कहानी में सुना था।

एक कांच के सुराही जैसे बर्तन में पानी भरा है, लेकिन इतना कम कि कौवे की चोंच वहां तक नहीं पहुंच पा रही। ऐसे में वह आसपास पड़े छोटे-छोटे कंकड़ उठाकर एक-एक कर बर्तन में डालने लगता है। हर कंकड़ के साथ पानी का स्तर ऊपर उठता है और अंत में कौवा सफलतापूर्वक पानी पी लेता है।
यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर @AMAZlNGNATURE हैंडल से साझा किया गया है और अब तक इसे करीब ढाई लाख बार देखा जा चुका है। यूज़र्स इस वीडियो को देखकर हैरान हैं और पक्षियों की समझदारी की तारीफ करते नहीं थक रहे। एक यूजर ने लिखा, 'पक्षी अब इंसानों से कम नहीं!'
तो वहीं एक अन्य ने कहा, 'सम्पूर्ण प्राणी जगत में कौओं से अधिक बुद्धिमान कोई नहीं है।' एक यूजर ने लिखा, 'ओह माय गॉड मुझे अपनी आंखों पर भरोसा नहीं हो रहा है।' एक और अन्य यूजर ने लिखा, 'आज साबित हो गया कि कौए में भी दिमाग होता है।'












Click it and Unblock the Notifications