कभी कील, तो कभी 2 किलो बालों का गुच्छा, ऐसे हैरतअंगेज ऑपरेशन कि सुनकर हिल जाएंगे आप
एक मामले में बिजनौर में किशोरी के पेट से बालों का गुच्छा निकाला गया। ये पहली बार नहीं है, जब डॉक्टरों ने ऐसे हैरतअंगेज ऑपरेशन किए हों। इससे पहले भी कई बार ऐसी सर्जरी हो चुकी है।

Shocking operations: कई बार डॉक्टर्स के पास ऐसे अजीबोगरीब मामले सामने आते हैं, जिनके बारे में जानकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं। यूपी के बिजनौर से हाल ही में आए एक अजीबोगरीब मामले में एक किशोरी के पेट से करीब ढाई किलो से भी ज्यादा वजनी बालों का गुच्छा निकला है। सर्जरी करने के बाद पीड़िता के पेट से इतना बड़ा बालों का गुच्छा निकाला गया। उसका अब भी इलाज किया जा रहा है। इससे पहले भी ऐसे हैरतअंगेज ऑपरेशन के कई मामले सामने आ चुके हैं।
लड़की के पेट में बालों का गुच्छा
बिजनौर का मामला सामने आने के बाद लोग उस वक्त हैरान रह गए जब खबर मिली कि डॉक्टरों ने एक लड़की के पेट से बालों का गुच्छा निकाला। ये एक तरह की बीमारी है, जो बहुत ही कम महिलाओं में देखी जाती है। ये बीमारी मानसिक रूप से पनपने लगती है, जिसमें इंसान को बाल खाने की आदत पड़ जाती है। बाल खाने वाली इस किशोरी की उम्र महज 14 साल है।

डॉक्टर्स भी हो गए हैरान
आपको जानकर हैरानी होगी कि कई सालों से ये किशोरी चोरी छिपे बाल खाती थी। बाल खाते-खाते उसके पेट में एक भारी-भरकम गुच्छा जमा हो गया। इसके बाद वो अकसर पेट दर्द से परेशान रहने लगी। किशोरी को अकसर पेट दर्द और उल्टी की शिकायत रहने लगी। इसके बाद उसके पिता डॉक्टर के पास लेकर गए और फिर जाकर पता चला कि उसके पेट में बालों का गुच्छा बन गया है।
चर्चा में रहा ग्वालियर का कील मैन
बीते दिनों ग्वालियर में एक घटना सामने आई, जिसके बाद एक छात्र का नाम ही कील मैन पड़ गया। खबर के मुताबिक 17 साल के लड़के ने खाने में एक नहीं दो नहीं बल्कि पूरी 27 कीलें खा डालीं। जब उसके पेट में खतरनाक दर्द उठा, तब जाकर इस घटना का पता लगा। जब डॉक्टर्स ने उसका अल्ट्रासाउंड किया, तो उनके भी होश उड़ गए। डॉक्टर्स भी हैरान थे कि ये बच्चा जिंदा कैसे है। ढाई घंटे तक चले ऑपरेशन में उसके पेट से 25 कीलें और छोटी आंत से 2 कीलें निकाली गईं।

शख्स के पेट में फंसी थी बोतल
चीन में एक मामले में जब शख्स पेट दर्द की शिकायत लेकर डॉक्टरों के पास पहुंचा तो उसकी जांच की गई। जांच में बहुत ही हैरान करने वाली बात सामने आई। डॉक्टरों की जांच में पता चला कि उसके पेट में एक बोतल थी। इसके बाद इस बोतल को सर्जरी करके बाहर निकाला गया। इस मामले के सामने आने के बाद लोग बेहद चौंक गए थे।

महिला ने गलती से निगल दिया चम्मच
एक और घटना में 33 साल की एक महिला के गले में मछली के कांटे फंस गए। इसके बाद जब वो इन कांटों को चम्मच की मदद से निकालने लगी तो ये चम्मच ही उसके गले में जा फंसा। इसके बाद गलती से महिला ने चम्मच ही निगल डाला। इसके बाद आनन-फानन में महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां सर्जरी करने के बाद वो चम्मच महिला के पेट से बाहर निकाला गया।












Click it and Unblock the Notifications