Fake Call Centre: सुबह के नाश्ते से हुआ फर्जी रैकेट का भंडाफोड़, कॉलसेंटर के नाम पर चल रही थी लूट
Mumbai police bust fake call centre: मु्ंबई पुलिस ने एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। इस सेंटर का खुलासा कर्मचारियों को मिलने वाले खाने के आधार पर हुआ।

Fake call centre: आपने वेब सीरीज या फिर किसी फिल्म में देखा होगा कि पुलिस कैसे-कैसे हैरत भरे तरीकों से स्कैमर्स का पता निकाल देती है। कई बार ऐसी कंपनियों का भंडाफोड़ होता है, जिसके बारे में किसी को दूर-दूर तक जानकारी नहीं होती। ऐसा ही एक मामला रियल लाइफ में भी सामने आया है।
कैसे हुआ भांडाफोड़?
मामला है मुंबई का, जहां पुलिस ने एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ कर्मियों को मिल रहे नाश्ते के आधार पर किया। जी हां! सुनने में ये बात भले थोड़ी अजीब लगे लेकिन सच है। इस बात का खुलासा खुद मुंबई पुलिस ने किया है।
नाश्ते से ऐसे हुआ खुलासा
राजोदी बीच के एक घर में दर्जनों कर्मचारियों को रखा गया था। इन लोगों को बाहरी लोगों से बात करने और इस बिल्डिंग से बाहर जाने की इजाजत नहीं थी। लेकिन पुलिस को खूफिया जानकारी मिली कि कोई बार-बार एक रेस्टोरेंट से दर्जन भर लोगों के नाश्ते का ऑर्डर दे रहा है। और हैरत की बात है कि ये ऑर्डर सुबह 4 बजे के करीब मिल रहे हैं।
पुलिस ने दी हैरत भरी जानकारी
पुलिस अधिकारी सुहास बावचे ने बताया कि वीकेंड पर ये बीच टूरिस्ट से भरा रहता है। और बाकी के दिनों पर सुनसान रहता है। लेकिन कई दिनों तक रोजाना सुबह 50 से 60 चाय और नाश्ते के ऑर्डर ने हमारे शक को बढ़ा दिया। हमने इस मामले की जांच शुरू कर दी।
11 अप्रैल को मारा छापा
आखिरकार पुलिस ने 11 अप्रैल को एक घर पर छापा मारा, जिसमें 60 वर्कस्टेशन वाला एक फ्लोर था। पुलिस ने इस घर से मालिक और 47 कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया। इन सभी लोगों पर सूचना और प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है। अधिकारियों ने फॉरेंसिक जांच भी शुरू कर दी है।
कर्मचारियों को दी गई थी ट्रेनिंग
बावचे ने कहा कि अब तक की जांच से पता चला है कि युवा कर्मचारियों को ऑस्ट्रेलिया के बैंक के ग्राहकों से कॉल लेने और बातचीत करने के लिए ट्रेन्ड किया गया था।
अधिकारी ने कहा कि उन्होंने कथित तौर पर वन टाइम पासवर्ड जैसी कई संवेदनशील जानकारियां निकाली हैं। इस रैकेट से कई लोग जुड़े हो सकते हैं। हम इसके राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लिंक भी खोज रहे हैं। इस तरह के फेक कॉल से जुड़े सेंटर्स की जांच लगातार की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications