कोरोना वायरस से कैसे ठहर गया बॉलीवुड

कोरोना वायरस
Getty Images
कोरोना वायरस

एक तरफ़ जहां कोरोना वायरस की वजह से दुनिया ठहर गई है तो दूसरी ओर सूने फ़िल्म सेट्स, बंद सिनेमा घर और घर बैठे फ़िल्मी सितारों के साथ बॉलीवुड भी अपने ख़ालीपन से जूझ रहा है.

पिछले महीने इसी दौरान दुनिया भर में फैले बॉलीवुड के दीवाने बहुत उत्साहित थे. रोहित शेट्टी की सुपर कॉपी सिरीज़ की ताज़ा पेशकश 24 मार्च को बड़े पर्दे पर रिलीज़ होने वाली थी.

'सूर्यवंशी' के प्रोड्यूसर्स को बॉक्स ऑफ़िस पर धमाकेदार ओपनिंग की उम्मीद थी क्योंकि इसकी रिलीज़ की डेट पर भारत में सरकारी छुट्टी थी.

लेकिन हालात बदल रहे थे और कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए भारत में 21 दिनों का लॉकडाउन लागू कर दिया गया.

'सूर्यवंशी' की रिलीज़ अनिश्चितकाल के लिए रोक दी गई है. और ऐसा सिर्फ़ 'सूर्यवंशी' के साथ नहीं हुआ है.

साल 1983 के क्रिकेट विश्व कप में भारत की जीत पर कबीर ख़ान की स्पोर्ट्स ड्रामा '83' की रिलीज़ की तारीख़ 10 अप्रैल को तय की गई थी. फ़िल्म '83' में रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण काम कर रहे हैं.

फ़िल्म की रिलीज़ टालने का फ़ैसला

यूट्यूब चैनल फ़िल्म 'कॉम्पैनियन' से बात करते हुए कबीर ख़ान ने कहा कि फ़िल्म की रिलीज़ टालने के फ़ैसले पर वे बहुत निराश हैं.

"हम ये फ़िल्म दुनिया को दिखाने को लेकर बेकरार थे. लेकिन कुछ चीज़ें इन सबसे बड़ी होती हैं. आज पूरी दुनिया ठहरी हुई है. इसलिए मुझे लगता है कि फ़िल्म देखना किसी की प्राथमिकताओं में बहुत बाद में आएगा."

ऐसा नहीं है कि केवल फ़िल्म की रिलीज़ पर ही असर पड़ रहा है. लॉकडाउन की शुरुआत के समय एक्ट्रेस कंगना रनौत तमिलनाडु में अपनी नई फ़िल्म 'थलाइवी' की शूटिंग कर रही थीं.

बॉलीवुड न्यूज़ वेबसाइट पिंकविला से उन्होंने कहा, "मैं वहां 45 दिन रहने वाली थी लेकिन फिर हमें शूटिंग के लिए भीड़ जुटाने की इजाजत नहीं मिली. हमने शूटिंग बंद कर दी और मैं मुंबई वापस लौट आई."

एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण ख़ुद को ख़ुशनसीब मानती हैं क्योंकि लॉकडाउन शुरू होने से कुछ रोज़ पहले वे अपनी नई फ़िल्म की शूटिंग के लिए श्रीलंका रवाना होने वाली थीं.

कंगना रनौत
Getty Images
कंगना रनौत

सोशल मीडिया एकाउंट्स पर

दीपिका पादुकोण ने हाल ही में एक इंटरव्यू में जर्नलिस्ट राजीव मसंद से कहा, "सबसे अच्छी बात तो ये रही है कि हम मुंबई से निकले नीं थी. हम कहीं और फंसे हुए नहीं थे. मैं कुछ लोगों को जानती हूं जिनकी फ़िल्म की शूटिंग पूरी होने में कुछ रोज़ ही बचे रह गए थे."

हमेशा मसरूफ रहने वाले फ़िल्मी सितारों के पास अचानक से बहुत सारा वक़्त आ गया है.

उनके सोशल मीडिया एकाउंट्स पर इसकी झलक मिलती है कि वे कैसे अपने घरों में खाली समय गुजार रहे हैं.

दीपिका पादुकोण और कटरीना कैफ़ जैसे सितारों ने तो खाना बनाने, बर्तन धोने जैसे घरेलू कामों में अपने हुनर का जौहर दिखाना शुरू कर दिया है.

दूसरी तरफ़ आलिया भट्ट और हृतिक रोशन जैसे सितारे नए हुनर सीख रहे हैं.

हालांकि कुछ स्टार्स की इस बात को लेकर आलोचना भी हो रही है कि वे हालात की गंभीरता नहीं समझ रहे हैं और उनका रवैया असंवेदनशील है.

मदद के लिए आगे आते सितारे

फ़िल्म डायरेक्टर फ़राह ख़ान ने एक इंस्ट्राग्राम वीडियो पोस्ट में बहुत बेबाकी से अपने कुछ दोस्तों को आड़े हाथों लिया कि अगर उन्होंने वर्कआउट वीडियो बनाना बंद नहीं किया तो वे उन्हें अनफ़ॉलो कर देंगी.

फराह ख़ान ने कहा, "मैं समझ सकती हूं कि आप खाते-पीते लोग हैं और महामारी से जूझ रही इस दुनिया में आपके पास अपने फ़िगर का ख़याल रखने के अलावा कोई और फ़िक्र नहीं है. लेकिन हम में से बहुत से लोगों के पास इस संकट के समय दूसरी चिंताएं भी हैं."

कुछ एक्टर्स ने सोशल मीडिया पर अपने फ़ैंस को सोशल डिस्टेंसिंग की अहमियत समझाने का बीड़ा उठाया है.

'प्यार का पंचनामा' के एक्टर कार्तिक आर्यन ने एक मज़ाकिया वीडियो के ज़रिये लोगों से घरों में रहने की अपील की है. इंस्टाग्राम पर इसे एक करोड़ से ज़्यादा बार देखा गया है.

बॉलीवुड के बहुत से लोग अपनी-अपनी तरह से मदद के लिए आगे आ रहे हैं. अक्षय कुमार और अनुष्का शर्मा ने प्रधानमंत्री मोदी के पीएमकेयर फ़ंड के लिए पैसा दान दिया है.

फ़िल्म इंडस्ट्री में डेली वेज (रोज़ाना के हिसाब से) पर काम करने वाले लोगों की मदद के लिए प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ़ इंडिया ने एक फंड बनाया है जिसके लिए भी बॉलीवुड सितारों ने चंदा दिया है.

लोग सिनेमाघरों में वापस कब लौटेंगे....

लॉकडाउन के बढ़ने की आशंकाओं के मद्देनज़र फ़िल्म निर्माताओं ने बड़े बदलावों के संकेत देने शुरू कर दिए हैं कि आने वाले समय में फ़िल्म उद्योग कैसे काम करेगा.

फ़िल्ममेकर करण जौहर अपनी आने वाली पीरियड ड्रामा फ़िल्म 'तख़्त' की शूटिंग इस अप्रैल में करने वाले थे. उनकी टीम ने यूरोप में सेट निर्माण का काम भी शुरू कर दिया था.

राजीव मसंद से बातचीत में करण जौहर ने बताया कि वे भविष्य को लेकर अनिश्चित हैं. वो कहते हैं, "हम इटली में शूटिंग कर रहे थे. हम स्पेन में शूटिंग कर रहे थे. हमने इसके लिए दो साल मेहनत की थी. लेकिन ये इतनी बड़ी बात नहीं है जिसके लिए आज किसी को फ़िक्रमंद होना चाहिए. ऐसा ही होता है."

देश के सबसे ताक़तवर फ़िल्म प्रोड्यूसर्स में से एक करण जौहर की इस समय दो फ़िल्में रिलीज़ के लिए तैयार हैं और सात अन्य फ़िल्मों के प्रोडक्शन का काम चल रहा है.

"ये तो केवल धर्मा प्रोडक्शन का हाल है. हरेक कंपनी, हरेक स्टूडियो की ऐसी ही हालत है. हमें फ़िलहाल नहीं मालूम कि चीज़ें कब नॉर्मल होंगी. लोग सिनेमाघरों में वापस कब लौटेंगे."

क्या कहते हैं ट्रेड पंडित

ट्रेड पंडितों का कहना है कि जिन फ़िल्मों की रिलीज़ रोकी गई है, वे आख़िरकार जब भी पर्दे पर रिलीज़ होंगी, उन्हें नुक़सान उठाना पड़ सकता है.

लेकिन कबीर ख़ान की उम्मीदें बरक़रार हैं. वे कहते हैं कि चार महीनों में बॉलीवुड संभल जाएगा.

बॉलीवुड सितारों और निर्देशकों दोनों ही ये समझते हैं कि उनकी तकलीफ़ें ग़रीबों की मुश्किलों के सामने कुछ भी नहीं हैं.

एक्टर विकी कौशल का कहना है कि न्यूज़ देखना दिल दुखाने वाला अनुभव हो गया है. लेकिन उन्हें उम्मीद है कि उनके फ़ैंस सावधान और ज़िम्मेदार रहेंगे.

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+