अपने आप जंगल के बीच कैसे पहुंचा 'घोस्ट प्लेन'? अधिकारियों की बातें सुन गहराया रहस्य
नई दिल्ली: पिछले कुछ दिनों में आपने 'घोस्ट शिप' के बहुत से किस्से सुने होंगे, जो अपने आप चलकर समुद्र के किनारे पहुंच रहे थे, लेकिन अब एक किस्सा 'घोस्ट प्लेन' का सामने आया है। ये कितना सच है ये तो नहीं पता, लेकिन इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं। हालांकि अधिकारियों ने इस विमान को लेकर जो बात कही, उससे रहस्य और ज्यादा गहरा गया।

ऑस्ट्रेलिया के वर्षावन में दिखा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एक गूगल यूजर को ऑस्ट्रेलिया के उत्तरी वर्षावन में एक विमान जंगल के बीच दिखा। उसने इसकी फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट की। ये जगह पोर्ट डगलस से 155 मील दक्षिण में है। फोटो में आप जंगल के बीच में एक बड़े से प्लेन को देख सकते हैं। जिसके आसपास पेड़ ही पेड़ नजर आ रहे।

बोइंग 737 जैसा दिख रहा
छवि को जूम करके देखने पर ये विमान एयरबस ए 320 या बोइंग 737 जैसा दिखता है। दोनों ही काफी फेमस विमान हैं और कई एयरलाइन्स इनका इस्तेमाल करती हैं। इसके अलावा विमान का रंग भी गन मेटल ग्रे जैसा लग रहा है। हैरानी की बात ये है कि उसके आसपास कोई भी एयरपोर्ट, बिल्डिंग या रनवे नहीं है। ऐसे में लोगों को ये समझ नहीं आ रहा कि ये जहाज वहां पर कैसे पहुंचा। इस वजह से इसे घोस्ट शिप कहा जा रहा है।

नागरिक उड्डयन विभाग ने कही ये बात
वहीं मामले में ऑस्ट्रेलियाई परिवहन सुरक्षा ब्यूरो ने केर्न्स पोस्ट को बताया कि उसे किसी भी यात्री विमान के लापता होने की जानकारी नहीं है। इसके बाद लोगों को ये घटना और रहस्यमयी लगने लगी। मामले में नागरिक उड्डयन सुरक्षा प्राधिकरण ने कहा कि ऐसा लग रहा कि ये घोस्ट इमेज है। 2016 में इसी तरह एक गूगल यूजर ने अमेरिकी राज्य मिनेसोटा की झील के तल पर विमान देखा था, बाद में वो घोस्ट इमेज निकली, जो कई सैटेलाइट इमेज का संयोजन थी।

गूगल ने क्या कहा?
मामले में एक एक्सपर्ट ने कहा कि कभी-कभी तेजी से चलने वाली वस्तुएं जैसे विमान किसी क्षेत्र के ऊपर से जब गुजरते हैं, तो उसके बाद भी हमारे द्वारा उपयोग की जाने वाली फोटोज में दिख जाते हैं। ये बहुत ही कम होता है। हालांकि गूगल ने इस मामले में अभी तक क्लियर नहीं किया है कि ये फोटो घोस्ट इमेज है या फिर सही।

थाईलैंड पहुंचा था घोस्ट शिप
हाल ही में एक घोस्ट शिप अपने आप चलकर थाईलैंड के तट पर पहुंचा था। उस पर कोई सवार नहीं था और जैसे ही नौसेना जांच के लिए पहुंची तो वो पानी में समा गया। बाद में पता चला कि वो चीन की किसी कंपनी का जहाज था, जब रास्ते में वो खराब हो गया तो कंपनी ने उसे छोड़ दिया। इसके बाद वो अपने आप चलकर थाईलैंड पहुंचा।












Click it and Unblock the Notifications