शादीशुदा जोड़े के साथ वेडिंग प्लानर ने की ऐसी हरकत, फूट-फूटकर रोई दुल्हन
शादी में वेडिंग प्लानर की एक हरकत से दूल्हा-दुल्हन सबके सामने शर्मिंदा हो गए।
नई दिल्ली। अपनी शादी को यादगार बनाने की ख्वाहिश हर किसी की होती है और इसके लिए कुछ लोग लाखों-करोड़ों रुपए का भारी-भरकम खर्चा भी करते हैं। कोई अपनी शादी में महंगी ड्रेस पहनकर, कोई लजीज खाना बनवाकर तो कोई किसी खूबसूरत जगह पर शादी कर अपने इन पलों को हमेशा के लिए संजोना चाहता है। हालांकि कई बार कुछ शादियां किसी और वजह से ही चर्चाओं में आ जाती हैं। एक शादीशुदा जोड़े के साथ कुछ ऐसा ही हुआ। दरअसल इस जोड़े ने अपनी शादी को यादगार बनाने के लिए एक वेडिंग प्लानर को जिम्मेदारी सौंपी और इंतजाम के लिए करीब 2 लाख रुपए दिए। लेकिन... वेडिंग प्लानर की ओर से शादी में ऐसा इंतजाम किया गया कि देखकर दूल्हा-दुल्हन भी शर्मिंदा हो गए। दुल्हन तो मेहमानों के सामने ही फूट-फूटकर रोने लगी।

केक देखकर उड़े कपल के होश
मामला फिलीपींस के पासिंग शहर का है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 40 साल के झोन चेन और 26 साल की शाइन तोमायो ने चर्च में एक दूसरे से शादी की। शादीशुदा कपल ने अपनी शादी के बाद मेहमानों को दावत देने के लिए रिसेप्शन की व्यवस्था की। रिसेप्शन में लजीज खाने व वनीला फ्लेवर के केक का इंतजाम करने के लिए एक वेडिंग प्लानर को चुना गया और उसे 2 लाख रुपए का भुगतान भी कर दिया गया। चर्च में शादी करने के बाद रिसेप्शन में आए मेहमानों के बीच जैसे ही दूल्हा और दुल्हन केक काटने के लिए आगे बढ़े तो उनके होश उड़ गए। दरअसल केटरर ने रिसेप्शन में वनीला की जगह थर्माकोल का केक भेज दिया।

शर्मिंदा हुआ दूल्हा दुल्हन
भेजे गए केक के ऊपरी हिस्से में ब्रेड लगी थी, लेकिन उसके बाद की परत में थर्माकोल था। केक को क्रीम से इस तरह ढका गया था कि बाहर से वो बिल्कुल असली केक जैसा लग रहा था। शादीशुदा कपल ने जब केक काटा और उन्हें असलियत का पता चला तो दोनों को मेहमानों के सामने काफी शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा। दुल्हन तो इस सबसे इतनी दुखी हुई कि वो सबके सामने ही फूट-फूटकर रोने लगी। वेडिंग प्लानर ने इस शादीशुदा कपल के साथ केवल यही एक हरकत नहीं की, बल्कि इसके बाद भी दोनों को शर्मिंदा किया। दरअसल उसने मेहमानों के लिए खाने का भी इंतजाम नहीं किया।

पुलिस ने भेजा जेल
दूल्हे और दुल्हन को जब इस बात का पता चला कि वेडिंग प्लानर ने रिसेप्शन में खाना ही नहीं बनाया है तो उन्हें शर्मिंदगी के साथ-साथ गुस्सा भी आया। रिसेप्शन में आए मेहमान जब बिना खाना खाए ही भूखे लौटने लगे तो कपल ने आनन-फानन में आस-पास के कई रेस्टोरेंट से मेहमानों के लिए खाना मंगवाया। इसके बाद मेहमान रेस्टोरेंट से मंगाया हुआ खाना खाकर गए। बाद में कपल ने वेडिंग प्लानर के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद हालांकि वेडिंग प्लानर महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, लेकिन इस कपल की ये शादी उनके लिए एक बुरी याद बनकर रह गई। इस बात का पता अभी तक नहीं चल पाया है कि पैसे लेने के बाद भी वेडिंग प्लानर ने उनके साथ ऐसी हरकत क्यों की।












Click it and Unblock the Notifications