PM Modi in Bikaner: राजस्थान सरकार के 3 मंत्रियों के गढ़ बीकानेर में पीएम मोदी दौरे के सियासी मायने क्या हैं
PM Modi in Rajasthan: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बीकानेर में हैं। यहां के नौरंगसर से पीएम मोदी 25000 करोड़ के कई प्रोजेक्ट के लोकार्पण-शिलान्यास कर रहे हैं।
Amritsar-Jamnagar GreenField Expressway: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 जुलाई 2023 की शाम चार बजे राजस्थान के बीकानेर पहुंचे हैं। बीकानेर नाल एयरपोर्ट से नौरंगसर टोल प्लाजा जाएंगे। वहां सभा होगी और पीएम मोदी अमृतसर-जामनगर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे व बीकानेर रेलवे स्टेशन पुनर्विकास समेत कुल 25 हजार करोड़ रुपए के कई बड़े प्रोजेक्ट का लोकार्पण-शिलान्यास करेंगे।

राजस्थान की राजनीति के जानकार पीएम नरेंद्र मोदी के बीकानेर दौरे के सियासी मायने भी निकाल रहे हैं। राजस्थान सरकार में बीकानेर कांग्रेस विधायकों का अच्छा- खासा दखल है। सीएम अशोक गहलोत के मौजूदा मंत्रीमंडल में बीकानेर से तीन विधायक मंत्री हैं। हालांकि यह बात अलग है कि केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल बीकानेर से भाजपा सांसद हैं।
राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार में बीकानेर पश्चिम से विधायक बीडी कल्ला शिक्षा मंत्री, खाजुवाला विधायक गोविंद राम मेघवाल आपदा प्रबंध एवं राहत मंत्री और कोलायत विधायक भंवर सिंह ऊर्जा मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हैं। वहीं, भाजपा के पास भी बीकानेर जिले से सिद्धि कुमारी, सुमित गोदारा व बिहारी लाल विधायक हैं।
बता दें कि बीकानेर संभाग के बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़ व श्रीगंगानगर जिले आते हैं। चारों जिलों में ब्राह्मण, जाट, राजपूत मतदाताओं का अच्छा प्रभाव है। खाजुवाला, अनूपगढ़-रायसिंहनगर, सुजानगढ़ व पीलीबंगा एससी की सीटें हैं। ऐसे में पीएम मोदी के बीकानेर दौरे से संभाग में एससी वर्ग के मतदाताओं को लुभाने की भी एक कोशिश मानी जा रही है।
वैसे भी साल के अंत तक राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 होने हैं। फिर लोकसभा चुनाव 2024 प्रस्तावित हैं। राजस्थान की सत्ता में भाजपा वापसी और कांग्रेस बने रहने के लिए जोर लगा रही है। राजस्थान जीतने के लिए खुद पीएम मोदी लगातार दौरे कर रहे हैं। बीते नौ माह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 बार राजस्थान आ चुके हैं।
बीकानेर में क्या सौगातें देने आए पीएम मोदी?
उल्लेखनीय है कि पीएम मोदी बीकानेर दौरे से करोड़ों की सौगात देने आए हैं। इनमें 6-लेन के अमृतसर-जामनगर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, सौर ऊर्जा क्षेत्रों से ट्रांसमिशन सिस्टम योजना, गुजरात-पंजाब हरित ऊर्जा गलियारा, बीकानेर में ईएसआई अस्पताल का लोकार्पण और चूरू-रतनगढ़ रेलमार्ग का दोहरीकरण और बीकानेर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का शिलान्यास शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications