बिजनौर: रिश्वत लेते लेखपाल भाई-बहन का वीडियो वायरल, सस्पेंड
बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर में लेखपाल भाई-बहन द्वारा रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दोनों भाई बहन एक हजार रुपये की रिश्वत को कम बताते हुए दूसरी जगह भी हिस्सा जाने की बात कहते नजर आ रहे हैं। दोनों भाई-बहनों का रिश्वत लेते वीडियो वायरल होने के बाद जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। डीएम ने दोनों भाई-बहनों को सस्पेंड कर दिया है।

क्या है मामला
जानकारी के अनुसार, बिजनौर जिले के नगीना तहसील में विनोद कुमार और संगीता लेखपाल हैं। विनोद कुमार हलका रायपुर सादात और संगीता हलका रसूलपुर जागन है। लेखपाल दोनों भाई बहन द्वारा जमीन का कुछ काम कराने के नाम पर रिश्वत मांग रहे है। लेखपाल विनोद कुमार कहता है कि काम के लिए एक हजार रुपये कम हैं। उसके सामने बैठे लोग एक ही नोट में काम करने के लिए कह रहे हैं, लेकिन विनोद कुमार मना कर रहा है।

रजिस्ट्रार, कानूनगो को भी देने पड़ता है पैसा
इस पर सामने वाला व्यक्ति कहता है कि मैडम इतना नहीं कमाते थोड़ा कमाया करते हैं। इस पर लेखपाल संगीता कहती है कि उन्हें भी रजिस्ट्रार, कानूनगो और भूलेख में पैसा देना पड़ता है। इस पर सामने बैठे व्यक्ति जाने लगते हैं तो विनोद कुमार उनमें से एक को रोकता है। इस पर सामने वाला व्यक्ति और 200 रुपये निकालकर उसकी मेज पर रखता है।

डीएम ने किया सस्पेंड
विनोद कुमार 200 रुपये को कम बताता है, लेकिन सामने बैठे व्यक्ति शाम को दावत की बात कहकर और रुपये नहीं देते हैं। विनोद कुमार मेज से रुपये उठाकर अपनी बहन संगीता को दे देता है। संगीता रुपये लेकर अपने पर्स में रख लेती है। हालांकि वीडियो से यह साफ नहीं हो पाया है कि रिश्वत किस काम के लिए मांगी जा रही है। डीएम सुजीत कुमार दोनों लेखपाल को निलंबित कर दिया है। इस मामले की जांच के आदेश तहसीलदार हामिद हुसैन अंसारी को दी है।












Click it and Unblock the Notifications