OMG! नारियल गिरते ही धंस गई सवा करोड़ की लागत से बनी सड़क, बीजेपी MLA गुस्सा होकर चली गईं
बिजनौर, 03 दिसंबर: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार का बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सड़क नई बनकर तैयार हुई थी। बीजेपी विधायक सुचि चौधरी को सड़क के उद्घाटन के लिए बुलाया गया था। सदर विधायक सुचि चौधरी अपने पति ऐश्वर्य मौसम चौधरी के साथ सड़क का शुभारंभ करने के लिए पहुंचीं। विधिवत पूजा के बाद विधायक को नारियल तोड़ने के लिए दिया गया। उन्होंने नारियल को सड़क पर पटका तो नारियल तो नहीं टूटा, लेकिन उस जगह से सड़क जरूर टूट गई। इस बात पर विधायक नाराज हो गईं और उन्होंने सड़क शुभारंभ का कार्यक्रम टाल दिया। मामला चर्चा का विषय बन गया है।

एक करोड़ 16 लाख रुपए की लागत से बनाई जानी थी सड़क
पूरा मामला यूपी के बिजनौर जिले का है। सिंचाई विभाग द्वारा नहर की पटरी पर एक करोड़ 16 लाख की लागत से 7 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जानी थी। यह सड़क हल्दौर के मुख्य चौराहे से नवादा तुल्ला गांव की ओर नहर की पटरी पर बनी थी। इस पटरी के सहारे कड़ापुर, झालपुर, उलेढा, और हीमपुर दीपा को जोड़ना था। जानकारी के मुताबिक, अभी महज 700 मीटर ही सड़क का निर्माण हो पाया था। इसके बावजूद विभाग ने सड़क का शुभारंभ का कार्यक्रम बना लिया।

बीजेपी विधायक ने पटका नारियल, टूटी सड़क
सड़क का शुभारंभ करने के लिए सदर विधायक सुची मौसम चौधरी को बुलाया था। वह गुरुवार की शाम को चार बजे अपने पति ऐश्वर्या मौसम चौधरी के साथ पहुंचीं। पंडित द्वारा विधिवत पूजा के बाद विधायक सुचि चौधरी को तोड़ने के लिए नारियल दिया गया। उन्होंने जैसे ही नारियल को सड़क पर मारा, सड़क टूट गई। लेकिन नारियल का कुछ भी नहीं हुआ। सड़क की बजरी उखड़कर इधर-उधर बिखर गई।

गुस्सा हो गईं बीजेपी विधायक, कार्यक्रम टाल कर चली गईं
सड़क टूटते ही वहां मौजूद विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। विधायक नाराज हो गईं और उन्होंने सड़क शुभारंभ का कार्यक्रम टाल दिया। अब अधिकारी पूरी सड़क की जांच की बात कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications