Bihar News: सुपरफास्ट ट्रेन में अकेले सफ़र कर रही थी महिला इंजीनियर, छेड़खानी करने लगा पैंट्रीकार मैनेजर
Bihar News: महिला सुरक्षा को लेकर केंद्र और राज्य सरकार लाख दावे कर रही है, लेकिन ज़मीन पर आंकड़े कुछ और ही दास्तां बयान कर रहे हैं। आए दिन देश और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से महिलाओं से छेड़खानी, दुष्कर्म जैसे वारदात की ख़बर सामने आ रही है।
ताज़ा मामला बिहार के मुजफ्फरपुर ज़िले से सामने आया है, जहां चलती ट्रेन में एक महिला इंजीनियर के साथ छेड़छाड़ की गई। आनंद विहार से मुजफ्फरपुर जा रही 12558 सप्तक्रांति सुपरफास्ट ट्रेन में अकेले यात्रा कर रही इंजीनियर के साथ यह घटना हुई। ग़ौरतलब है कि आरोपी कोई और नहीं सुपरफास्ट ट्रेन के पैंट्री कार का मैनेजर ही है।

आरोपी की पहचान पैंट्री कार के मैनेजर संतोष साह के रूप में हुई है। वह घटना को अंजाम देने के बाद पिपरा स्टेशन पर ही फरार हो गया। यह घटना मंगलवार को ईस्ट सेंट्रल रेलवे के नरकटियागंज स्टेशन के पास हुई। मुजफ्फरपुर में काम करने वाली इंजीनियर ने हिम्मत दिखाते हुए मुजफ्फरपुर पहुंचकर घटना की जानकारी दी और साह के खिलाफ मुजफ्फरपुर के रेलवे पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
इंजीनियर महिला ने सुबह-सुबह बगहा स्टेशन से ट्रेन पकड़ी और एम2 बोगी में सीट पर बैठ गई। यात्रा के दौरान नरकटियागंज स्टेशन के पास पेंट्री कार मैनेजर ने हालात का फायदा उठाते हुए महिला के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। महिला ने विरोध किया तो उसे धमकी देते हुए गंदी हरकत करने लगा। वहां मौजूद यात्रियों के हस्तक्षेप करने के बाद वह भाग गया।
शिकायत मिलने के बाद मुजफ्फरपुर के रेलवे पुलिस स्टेशन ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। स्टेशन इंचार्ज रंजीत कुमार ने बताया कि शिकायत को आगे की कार्रवाई के लिए नरकटियागंज के रेलवे पुलिस स्टेशन को भेज दिया गया है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए फरार आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए तलाश जारी है।
घटना पर लोगों का कहना है कि ट्रेनों में अकेले यात्रा करने वाली महिलाओं की सुरक्षा पर काफी सवाल खड़े हो रहे हैं। सुरक्षा उपायों को तत्काल बढ़ाने की ज़रूरत है। ट्रेनों में लागू सुरक्षा प्रोटोकॉल और रेलवे अधिकारियों द्वारा अपने यात्रियों, खासकर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाए गए कदमों पर सवालिया निशान है।












Click it and Unblock the Notifications