आखिर तेजप्रताप की कौन करा सकता है हत्या? Y+ सिक्योरिटी पर क्या बोले तेजू भैया, अब कैसी होगी उनकी सुरक्षा लेयर
Tej Pratap Yadav 'Y' Plus security: बिहार की राजनीति में फिर से सुर्खियों में हैं लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव। कभी अपने बयानों तो कभी अपने अंदाज को लेकर चर्चा में रहने वाले तेजू भैया ने इस बार ऐसा बयान दे दिया है जिससे सियासी हलचल बढ़ गई है। उन्होंने कहा है कि उनकी जान को खतरा है, कोई उनकी हत्या करवा सकता है और यही वजह है कि केंद्र सरकार ने उनकी सुरक्षा बढ़ाकर Y+ कैटेगरी कर दी है।
सुरक्षा बढ़ाए जाने के बाद मीडिया से बातचीत में तेजप्रताप यादव ने कहा, "हमारे ऊपर खतरा है। इसलिए हमारी सुरक्षा बढ़ाई गई है। मेरी हत्या भी लोग करा देंगे। ढेर सारे लोग लगे हुए हैं। कोई भी मरवा देगा मुधे।" उनका यह बयान उस वक्त आया है जब बिहार चुनाव को लेकर माहौल गर्म है और उनके विरोधी उन्हें राजनीतिक रूप से कमजोर करने की कोशिशों में जुटे हैं। तेजप्रताप ने साफ कहा कि वे लंबे समय से सुरक्षा की मांग कर रहे थे और अब जाकर केंद्र ने इस पर कार्रवाई की है।

🔹 क्यों दी गई तेजप्रताप यादव को Y+ सिक्योरिटी
रिपोर्ट के मुताबिक तेजप्रताप यादव को केंद्र सरकार ने Y+ सिक्योरिटी उनकी जान को खतरा देखते हुए दिया है। गृह मंत्रालय ने यह फैसला सुरक्षा एजेंसियों की रिपोर्ट के बाद लिया, जिसमें उनकी जान को खतरा बताया गया था। दिलचस्प बात यह रही कि यह फैसला ठीक उसी दिन आया जब पटना एयरपोर्ट पर तेजप्रताप और बीजेपी सांसद रवि किशन की मुलाकात हुई। दोनों के बीच कानों में हुई बातचीत ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी। अब चर्चा है-क्या ये सिर्फ संयोग था या किसी नए राजनीतिक समीकरण की शुरुआत?
🔹 Y+ सिक्योरिटी क्या होती है?
सामान्य लोगों के लिए Y+ सिक्योरिटी सुनने में बड़ी लग सकती है, लेकिन इसके पीछे पूरा सिस्टम है। Y+ सिक्योरिटी देश की हाई लेवल वीआईपी सुरक्षा श्रेणियों में से एक है, जो Z सिक्योरिटी के बाद आती है। इस लेयर में कुल 11 ट्रेन्ड सिक्योरिटी ऑफिसर तैनात किए जाते हैं। इनमें आमतौर पर 1 से 2 कमांडो और 2 पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (PSO) शामिल होते हैं। साथ ही, इनके साथ एक विशेष टीम होती है जिसमें अनुभवी और ट्रेंड पुलिसकर्मी चौबीसों घंटे सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं।
🔹 तेजप्रताप यादव की सिक्योरिटी लेयर कैसी होगी?
तेजप्रताव यादव अब सीआरपीएफ के सुरक्षा घेरे में रहेंगे। उनकी सुरक्षा में 11 सिक्योरिटी ऑफिसर शामिल रहेंगे, जिनमें 2 पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (PSO) और 9 सीआरपीएफ कमांडो तैनात रहेंगे। ये जवान तेजप्रताप यादव के घर, यात्रा और पब्लिक इवेंट्स के दौरान तीन शिफ्ट में उनकी निगरानी करेंगे।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सीआरपीएफ को आदेश जारी कर दिया है कि वह तेजप्रताप यादव को यह सुरक्षा कवच मुहैया कराए। इस तरह अब तेजप्रताप को VIP प्रोटेक्शन लिस्ट में शामिल कर लिया गया है।

🔹 बहन मीसा भारती ने सुरक्षा बढ़ाए जाने पर क्या कहा?
तेजप्रताप की सुरक्षा बढ़ने पर उनकी बहन और राज्यसभा सांसद मीसा भारती ने एक सीधी प्रतिक्रिया दी-"ये सरकार का मामला है, वही जाने क्यों बढ़ाई गई है सुरक्षा।" हालांकि मीसा ने इस मुद्दे पर ज्यादा टिप्पणी करने से परहेज किया, लेकिन यह बात साफ है कि परिवार के अंदर तेजप्रताप के हालिया रुख को लेकर एक अलग ही खामोशी है।
🔹 तेजप्रताप यादव पहले भी जता चुके हैं जान का खतरा
यह पहली बार नहीं है जब तेजप्रताप ने अपनी जान पर खतरा बताया हो। जून 2025 में भी उन्होंने एक न्यूज एजेंसी से कहा था कि "हमको जान का खतरा है। हमारे दुश्मन हर जगह लगे हुए हैं। कुछ लोग हमारे निजी जीवन को बर्बाद करने पर तुले हैं।" उनका यह बयान उस वक्त आया था जब वे लगातार अपने राजनीतिक और पारिवारिक विवादों के कारण चर्चा में थे।
🔹 परिवार और पार्टी से अलग रास्ता
लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप को इसी साल उनके पिता ने पार्टी और परिवार से बाहर का रास्ता दिखा दिया था। वजह बनी थी एक तस्वीर जो सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। इस विवाद के बाद तेजप्रताप ने अपनी नई पार्टी जनशक्ति जनता दल (JJD) की घोषणा की और अब वे इसी पार्टी के बैनर तले बिहार चुनाव 2025 में मैदान में उतर रहे हैं। तेजप्रताप का दावा है कि "कुछ जयचंदों ने साजिश रचकर उन्हें परिवार से दूर कर दिया।"
🔹 तेजस्वी यादव को दी जन्मदिन की बधाई
सुरक्षा और राजनीतिक बयानबाजी के बीच तेजप्रताप ने अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा, "तेजस्वी का जन्मदिन है और मैं उन्हें दिल से बधाई देता हूं। उनका भविष्य उज्ज्वल हो, यही मेरी कामना है।" सोशल मीडिया पर मीसा भारती ने भी परिवार की तस्वीरें साझा कीं जिसमें तेजस्वी केक काटते नजर आ रहे थे।
🔹 अब क्या होगी तेजप्रताप की अगली चाल?
सवाल अब यही है कि आखिर तेजप्रताप यादव की जान को खतरा किससे है? क्या यह केवल राजनीतिक बयान है या वाकई सुरक्षा एजेंसियों के पास ठोस इनपुट हैं? फिलहाल केंद्र ने खतरे को देखते हुए उनकी सुरक्षा लेयर को मजबूत कर दिया है। अब देखना होगा कि तेजप्रताप यादव इस 'खतरे' के नैरेटिव को राजनीति में कैसे भुनाते हैं क्योंकि बिहार की सियासत में तेजू भइया हमेशा सुर्खियों में रहते हैं, कभी अंदाज़ से तो कभी बयानों से।












Click it and Unblock the Notifications