'वह लोग बंगाल में क्यों नौकरी करने आ रहे हैं', बिहार पुलिस ने किया मेंशन, हरकत में आई बंगाल पुलिस और फिर...
Bihar Police: बिहार से दूसरे प्रदेश में जाने वाले छात्रों के साथ आए दिन ज़्यादती होने की ख़बर सुर्खियां बनती हैं। ताज़ा मामला सिलीगुड़ी का है, जहां बिहार से परीक्षा देने गए छात्र को बांग्ला पक्खों नाम की कट्टरपंथी संस्था के सदस्य द्वारा धमकी दी गई। पीड़ित ने बिहार पुलिस को एक्स हैंडल पर टैग किया। इसके बिहार पुलिस ने बंगाल पुलिस को मेंशन किया। आइए विस्तार से जानते है पूरा मामला।
बिहार से सिलीगुड़ी परीक्षा देने गए युवकों को धमकाने वाले बांग्ला पक्खो नामक कट्टरपंथी संगठन के एक सदस्य रजत भट्टाचार्य को बंगाल पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। आरोपी से सिलीगुड़ी थाने की पुलिस पूछताछ कर रही है। गौरतलब है कि बिहार के छात्र एसएसबी की भर्ती परीक्षा देने सिलीगुड़ी गए थे।

इसी दौरान बांग्ला पक्खो नामक कट्टरपंथी संगठन के लोगों ने छात्रों को धमकाते हुए कहा, 'बिहार का होकर वे लोग बंगाल में क्यों नौकरी करने आ रहे हैं'। इससे जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था, जिसके बाद बिहार पुलिस की ओर से इस मामले की गंभीरता को देखते हुए बंगाल पुलिस के सोशल मीडिया पर टैग कर आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित किया गया।
इसके बाद पश्चिम बंगाल की सिलीगुड़ी पुलिस हरकत में आई और आरोपी की पहचान कर उसे कुछ घंटे में ही हिरासत में ले लिया गया। जानकारी के अनुसार इस संगठन के द्वारा पहले से ही पश्चिम बंगाल में हिंदी में लिखे साइनबोर्ड को मिटाया जा रहा था।
इस पूरे मामले में लोग बिहार पुलिस की जमकर तारीफ़ कर रहे हैं, उन्होंने कहा कि बिहार पुलिस को एक्स हैंडल पर टैग करने के बाद तुंरत इस मामले पर संज्ञान लिया गया। बंगाल पुलिस को मेंशन करने पर कार्रवाई हुई। बिहार और बंगाल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई काफी सराहनीय है।
यह बिहार पुलिस की बहुत अच्छी पहल है कि सोशल हैंडल पर सूचना देने पर तुरंत संज्ञान लिया जाता है। इससे लोगों का बिहार पुलिस और कानून व्यवस्था पर विश्वास बढ़ रहा है। बिहार पुलिस सोशल मीडिया पर बारीकी से नज़र बनाए हुए है, यह वाक़ई काबिले तारीफ़ है।












Click it and Unblock the Notifications