Chandan Mishra Murder: कुख्यात गैंगस्टर चंदन मिश्रा कौन? ICU में 5 शूटरों ने गोलियों से भूना-CCTV में सबकुछ
Chandan Mishra Murder: बिहार की राजधानी पटना के प्रतिष्ठित पारस हॉस्पिटल में गुरुवार (17 जुलाई) सुबह एक फिल्मी स्टाइल में हुए हत्याकांड ने पूरे राज्य को हिलाकर रख दिया। कुख्यात गैंगस्टर चंदन मिश्रा, जो इलाज के लिए पैरोल पर था, को पांच हथियारबंद हमलावरों ने आईसीयू के कमरा नंबर 209 में घुसकर गोलियों से छलनी कर दिया।
यह सनसनीखेज वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसने बिहार की कानून व्यवस्था और जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।

Who Was Chandan Mishra: कौन था चंदन मिश्रा?
चंदन मिश्रा बक्सर जिले का रहने वाला एक कुख्यात अपराधी था, जिसका नाम पिछले एक दशक से अपराध की दुनिया में गूंज रहा था। वह हत्या, गैंगवार और रंगदारी जैसे संगीन मामलों में शामिल था।
- 2011 के हत्याकांड: चंदन पर बक्सर के इंडस्ट्रियल थाना क्षेत्र में दो चर्चित हत्याओं का आरोप था-20 अप्रैल को भरत राय और 26 जुलाई को शिवजी खरवार की हत्या।
- जेल क्लर्क मर्डर केस: बक्सर मॉडल थाना क्षेत्र में जेल क्लर्क हैदर अली की हत्या में भी उसका नाम सामने आया था।
- राजेंद्र केसरी हत्या: चंदन ने चुना भंडार के मालिक राजेंद्र केसरी की हत्या की थी, जिसके लिए उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी।
- शेरू सिंह से दुश्मनी: चंदन कभी गैंगस्टर शेरू सिंह का साथी था, लेकिन आरा में सोना लूट के बाद दोनों में विवाद हो गया, जिसे इस हत्या का कारण माना जा रहा है।
चंदन मिश्रा बक्सर जेल से भागलपुर जेल शिफ्ट किया गया था और हाल ही में स्वास्थ्य कारणों से 21 दिन की पैरोल पर पटना के पारस हॉस्पिटल में भर्ती था। लेकिन यह पैरोल उसकी जिंदगी का आखिरी पड़ाव बन गया।
Chandan Mishra Murder Case CCTV: कैसे हुई Chandan Mishra की हत्या?
17 जुलाई की सुबह करीब 7:00-7:30 बजे, पांच हथियारबंद हमलावर पारस हॉस्पिटल के इमरजेंसी और ओपीडी गेट से बिना किसी रोक-टोक के अंदर घुसे। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखा कि चार हमलावर टोपी पहने थे, जबकि एक बिना टोपी के था। वे सीधे सेकेंड फ्लोर पर कमरा नंबर 209 में पहुंचे, जहां चंदन मिश्रा भर्ती था।
- 25 सेकंड में हत्या: हमलावरों ने पिस्टल लहराते हुए चंदन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। पुलिस ने मौके से 12 गोलियों के खोखे बरामद किए।
- पलक झपकते फरार: वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर उतनी ही आसानी से अस्पताल से फरार हो गए, जितनी आसानी से अंदर आए थे।
- सीसीटीवी ने खोली पोल: वायरल फुटेज में हमलावरों को आराम से वार्ड की ओर बढ़ते, हथियार निकालते और गोलीबारी के बाद भागते देखा गया।
क्या कहती है पुलिस?
पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया, 'चंदन मिश्रा बक्सर का कुख्यात अपराधी था, जिसके खिलाफ हत्या के दर्जनों मामले दर्ज थे। वह पैरोल पर इलाज के लिए पारस हॉस्पिटल में था। हमलावरों की पहचान के लिए बक्सर पुलिस के साथ मिलकर जांच की जा रही है।'
- शेरू सिंह गैंग पर शक: पुलिस को शक है कि यह हमला चंदान शेरू गैंग ने करवाया। चंदन और शेरू के बीच पुरानी दुश्मनी थी, जो आरा में सोना लूट के बाद और गहरी हो गई थी।
- अंदरूनी साजिश की आशंका: सेंट्रल रेंज के आईजी जितेंद्र राणा ने कहा, 'यह संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता कि अस्पताल के सुरक्षा गार्ड्स की मिलीभगत थी। इस एंगल की भी जांच की जा रही है।'
- रियल एस्टेट कनेक्शन: न्यूज18 की रिपोर्ट के अनुसार, हमलावर रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े थे और पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं।
सुरक्षा व्यवस्था और जेल प्रशासन पर सवाल
इस हत्याकांड ने बिहार की कानून व्यवस्था और जेल प्रशासन की खामियों को उजागर कर दिया। एक सजायाफ्ता अपराधी को बिना पर्याप्त सुरक्षा के अस्पताल भेजना और हमलावरों का बेरोकटोक आईसीयू तक पहुंच जाना कई सवाल खड़े करता है-
- जेल प्रशासन की लापरवाही: चंदन को पैरोल पर भेजने के दौरान सुरक्षा क्यों नहीं दी गई?
- अस्पताल की सुरक्षा चूक: पारस जैसे VVIP अस्पताल में हथियारबंद हमलावरों का इतनी आसानी से घुसना और फरार होना सुरक्षा व्यवस्था की नाकामी को दर्शाता है।
- साजिश की आशंका: क्या यह हत्या जेल या अस्पताल के अंदरूनी लोगों की मदद से की गई?
ये भी पढ़ें- पटना इनकम टैक्स ऑफिस में CBI रेड, रिश्वतखोरी का पर्दाफाश! इंस्पेक्टर हिरासत में, जानिए पूरा मामला?












Click it and Unblock the Notifications