बिहार में कब तक बनेगी नई सरकार? क्या है ब्लूप्रिंट? नीतीश से मिलने के बाद चिराग पासवान ने दिया अपडेट
Bihar govt formation 2025 (chirag paswan): बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर को खत्म हो रहा है और उससे पहले सत्ता किसके हाथ में जाएगी, इस पर पूरे प्रदेश की निगाहें टिकी हैं। बीजेपी और नीतीश कुमार की जेडीयू इस बार सबसे बड़ी पार्टियां बनकर उभरी हैं, ऐसे में सवाल यह भी है कि क्या नीतीश एक बार फिर रिकॉर्ड दसवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे और NDA में मंत्रिमंडल का बंटवारा किस तरह होगा।
बिहार चुनाव 2025 के 14 नवंबर को आए नतीजों में NDA को धमाकेदार जीत मिली। गठबंधन ने 243 में से 202 सीटें जीत लीं। ये दूसरी बार है जब NDA ने बिहार में 200 का आंकड़ा पार किया। इससे पहले 2010 में वे 206 सीटें जीत चुके हैं।

चिराग पासवान का बड़ा अपडेट - 22 नवंबर से पहले सरकार बन जाएगी
केंद्र सरकार में मंत्री और LJP (राम विलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने साफ कहा है कि बिहार में NDA की सरकार 22 नवंबर से पहले बन जाएगी। उनकी पार्टी को इस चुनाव में 19 सीटें मिली हैं और वे गठबंधन के अहम चेहरे बनकर उभरे हैं।
पटना में नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद चिराग पासवान ने कहा कि मुलाकात काफी सौहार्दपूर्ण और सार्थक रही। उन्होंने बताया कि वे वरिष्ठ केंद्रीय मंत्रियों से भी बात करेंगे और सरकार गठन का ब्लूप्रिंट आज या कल (17 नवंबर) तक तैयार हो जाएगा।
चिराग पासवान ने कहा, "हमें 22 नवंबर से पहले सरकार बनानी है. यह काम समय पर पूरा होगा। फैसले जल्द लिए जाएंगे. ब्लूप्रिंट तैयार होने के बाद तस्वीर साफ हो जाएगी।"
उन्होंने विपक्ष पर हमला करते हुए यह भी आरोप लगाया कि चुनाव से पहले LJP (RV) और JDU को लेकर गलत दावे और भ्रामक बातें फैलाई गईं, लेकिन जनता ने उन पर भरोसा नहीं किया.
उपेंद्र कुशवाहा का भी संकेत - 2-4 दिन में तस्वीर साफ हो जाएगी
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नेता उपेंद्र कुशवाहा ने भी कहा कि सरकार गठन को लेकर अगले दो से चार दिनों में स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता को बस थोड़ा इंतजार करना होगा।
NDA के अंदर तैयारियां शुरू -विधायक पटना बुलाए जा रहे
सूत्रों के मुताबिक NDA अगले दो से तीन दिन में सरकार बनाने की औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर देगा। कई जीते हुए विधायक अभी अपने-अपने इलाकों में हैं उन्हें पटना आने के निर्देश दिए गए हैं। सभी दल अपने नए विधायकों के साथ अलग-अलग बैठकें करने में जुटे हैं।
सरकार गठन से पहले नीतीश कुमार राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मिलकर अपना इस्तीफा सौंपेंगे और नई शपथ-ग्रहण तारीख पर चर्चा करेंगे।
बिहार चुनाव 2025: कौन-कितनी सीटें जीता?

इस चुनाव में NDA को बड़ा फायदा मिला-
- बीजेपी - 89 सीटें (सबसे बड़ी पार्टी)
- जेडीयू - 85 सीटें (शानदार वापसी)
- एलजेपी (RV) - 19 सीटें
- हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) - 5 सीटें
- राष्ट्रीय लोक मोर्चा - 4 सीटें

इतने मजबूत जनादेश के बाद अब यह देखना दिलचस्प होगा कि गठबंधन सरकार की नई टीम कैसी बनती है और NDA किन चेहरों को नए मंत्रिमंडल में शामिल करता है।












Click it and Unblock the Notifications