Bihar Weather News: बिहार में मॉनसून सक्रिय, पटना समेत 35 जिलों में अलर्ट, जानिए कैसा रहेगा मौसम का मिज़ाज
Bihar Weather News: बिहार में मॉनसून सक्रिय होने के साथ ही मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। राजधानी पटना समेत राज्य के कई हिस्सों में बीती रात से लेकर शनिवार सुबह तक रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहा। राजधानी में देर रात हुई बारिश के बाद सुबह से ही हल्की बूंदाबांदी और ठंडी हवाएं चल रही हैं। मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने 7 अक्टूबर तक राज्यभर में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने बिहार के 35 जिलों के लिए येलो अलर्ट और तीन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। येलो अलर्ट वाले जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। वहीं, ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और नदी किनारे के इलाकों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

पिछले 24 घंटे का हाल
बीते 24 घंटों में पटना, बक्सर, सीवान और भागलपुर में रुक-रुक कर बारिश हुई। पटना में पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे। शुक्रवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, बारिश की वजह से उमस से राहत मिली और मौसम सुहावना बना रहा।
बंगाल की खाड़ी में दबाव का असर
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य भाग में एक गहरा दबाव बना हुआ है। यह दबाव धीरे-धीरे उत्तर दिशा की ओर बढ़ रहा है और वर्तमान में ओडिशा के गोपालपुर तट से लगभग 160 किलोमीटर दूर स्थित है। इसका सीधा असर ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों पर पड़ रहा है। इस सिस्टम से उठने वाली नमी भरी दक्षिणी हवाएं बिहार तक पहुंच रही हैं, जिसके कारण राज्य में लगातार बारिश हो रही है।
विशेषज्ञों का कहना है कि यह दबाव 4-5 अक्टूबर के आसपास ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों से टकराएगा, जिसके बाद इसका असर बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश के मौसम पर और गहराई से दिखेगा।
तापमान में गिरावट की संभावना
बारिश और बादल छाए रहने से राज्य में तापमान में गिरावट देखी जा रही है। दरभंगा 34.7 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म जिला रहा, जबकि बांका 31.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे ठंडा जिला दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में दिन और रात के तापमान में और गिरावट आएगी।
किसानों और आम लोगों के लिए चेतावनी
भारी बारिश के मद्देनज़र मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे धान की फसल को नुकसान से बचाने के लिए आवश्यक कदम उठाएं। साथ ही, बिजली गिरने की आशंका वाले इलाकों में लोगों से खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने को कहा गया है।
राजधानी पटना समेत राज्य के अन्य हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी। इस दौरान मौसम सुहावना रहेगा और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिलेगी।












Click it and Unblock the Notifications