Bihar Weather News: बिहार में मॉनसून की धमाकेदार वापसी, 13 सितंबर तक भारी बारिश, जानिए कैसा रहेगा मौसम?
Bihar Weather News: बिहार में कमजोर पड़ चुका मॉनसून एक बार फिर पूरे जोर-शोर से लौट आया है। मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आने वाले दिनों में बारिश राहत से ज्यादा आफत लेकर आएगी। आसमान से गरज-चमक के बीच मूसलाधार बारिश होगी और ठनका (वज्रपात) कहर ढाएगा। हालात इतने गंभीर हो सकते हैं कि लोगों की जान पर बन आए।
आज का मौसम (08 सितंबर)
आज भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल समेत उत्तर बिहार के जिलों को मिलाकर कुल 25 जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना है। वहीं 19 जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। पटना और गया समेत 13 जिलों में हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन इनके लिए किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है।

09 से 13 सितंबर तक भारी बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार, 09 सितंबर से पूरे बिहार में भारी बारिश का दौर शुरू होगा, जो धीरे-धीरे पूरे राज्य में फैल जाएगा। 13 सितंबर तक लगातार भारी बारिश और ठनका गिरने की आशंका है। उत्तर बिहार के जिलों में इसका सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा।
ठनका बना जानलेवा: अब तक 227 मौतें
इस साल ठनका का कहर बिहार में सैकड़ों परिवारों पर टूटा है। अप्रैल से अब तक 227 लोगों की मौत वज्रपात से हो चुकी है।
अप्रैल: 54 मौतें
मई: 33 मौतें
जून: 42 मौतें
जुलाई: 80 मौतें
अगस्त: 13 मौतें
सबसे ज्यादा शिकार मजदूर, किसान और मवेशी चराने वाले लोग बने हैं। दक्षिण बिहार में वज्रपात से मौतों के मामले ज्यादा सामने आए हैं।
मौसम विभाग की चेतावनी
विशेषज्ञों का कहना है कि सितंबर में भी वज्रपात का खतरा कम नहीं हुआ है। इसलिए लोगों को बारिश और गरज-चमक के समय खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications