Bihar Voter List: ‘मतदाता अधिकार की कीमत 40 रुपये’, क्या इस व्यवस्था में निष्पक्ष वोटर वेरिफिकेशन संभव है?
Bihar Voter List: बिहार के गया जिले से आई एक घटना ने एक बार फिर हमारे लोकतांत्रिक तंत्र की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक बीएलओ गौरीशंकर वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने के लिए नागरिकों से ₹40 की वसूली कर रहे थे। एक तरफ गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान चल रहा है, दूसरी तरफ़ भ्रष्टाचार के लगातार पोल खुल रहे हैं।
हैरानी की बात यह नहीं कि रिश्वत ली जा रही थी, बल्कि यह है कि जब एक जागरूक नागरिक ने वीडियो बनाकर इस भ्रष्टाचार को सामने लाया, तो न केवल पैसे वापस कराए गए, बल्कि बीएलओ ने गलती भी स्वीकार ली। इसके बाद प्रशासन ने बीएलओ के खिलाफ एफआईआर दर्ज की और निलंबन की सिफारिश की।

वोटर लिस्ट जैसी संवेदनशील प्रक्रिया में भी जब पैसों का खेल चल रहा हो, तो निष्पक्षता की कल्पना कैसे की जा सकती है? बीएलओ का काम जनता की सेवा करना है, न कि नागरिक अधिकारों की कीमत वसूलना। यह स्थिति न केवल मतदाता की आस्था को चोट पहुंचाती है, बल्कि चुनाव प्रक्रिया की साख पर भी गहरा सवाल खड़ा करती है।
अब एक दूसरा पहलू भी देखना जरूरी है, वह व्यक्ति जिसने इस घोटाले को उजागर किया, उसे डराया जा रहा है, दबाव बनाया जा रहा है। सवाल यह है कि अगर कोई नागरिक सच को सामने लाने की हिम्मत करता है, तो क्या उसे सुरक्षा और समर्थन नहीं मिलना चाहिए? या फिर सच दिखाना ही सबसे बड़ा अपराध बन गया है?
चुनाव आयोग से यह पूछा जाना चाहिए कि आखिर उसकी निगरानी प्रणाली कहां थी? क्या वेरिफिकेशन का डिजिटल दावा सिर्फ कागजों तक सीमित है? और सबसे अहम सवाल, क्या ऐसी स्थिति में निष्पक्ष वोटर वेरिफिकेशन की प्रक्रिया वास्तव में संभव है?
एक तरफ ईमानदार BLO पर कार्रवाई हो गई वहीं दूसरी तरफ़ भ्रष्टाचार BLO वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने के एवज़ में उगाही कर रहा है। चुनाव आयोग को चाहिए कि इस पूरे मामले में निष्पक्ष जांच करे और नियमनुसार कार्रवाई करे। अगर सच उजागर करने वालों को ही टारगेट किया जाएगा, तो लोकतंत्र की नींव ही खोखली पड़ जाएगी।
चुनाव आयोग को अब सिर्फ कार्रवाई की खानापूर्ति नहीं, बल्कि जवाबदेही की संस्कृति को मजबूत करना होगा। दोषी बीएलओ पर सख्त दंड के साथ-साथ, ईमानदार नागरिकों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना ज़रूरी है। वरना यह पूरा सिस्टम सिर्फ 'दिखावटी लोकतंत्र' का एक और उदाहरण बनकर रह जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications