Bihar News: एक बार फिर मतदाताओं के दरवाज़े पर BLO देंगे दस्तक, जानिए क्यों ज़रूरी है SIR का ये चरण
Bihar News: बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत एक बार फिर बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) मतदाताओं के घर-घर जाकर दस्तक देंगे। जिन घरों में पहले और दूसरे चरण के दौरान लोग अस्थायी रूप से अनुपस्थित मिले थे, वहां अब तीसरे चरण में फिर से बीएलओ पहुंचेंगे। यह जानकारी मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) कार्यालय ने दी है।
क्यों जरूरी है तीसरा चरण?
राज्य भर के करीब 1 लाख बीएलओ अब अंतिम प्रयास के तौर पर उन मतदाताओं तक पहुंचेंगे, जिनसे अभी तक गणना प्रपत्र (फॉर्म) नहीं भरे जा सके हैं। इन घरों में फिर से संपर्क कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।

अब तक का आंकड़ा क्या कहता है?
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अनुसार, अब तक 7.89 करोड़ मतदाताओं में से 6.81 करोड़ यानी 86.32% लोगों के प्रपत्र जमा हो चुके हैं। यदि मृत, स्थानांतरित या एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत मतदाताओं को ध्यान में रखा जाए तो आंकड़ा 90.84% तक पहुंच चुका है।
10 दिन का शेष समय , 25 जुलाई है अंतिम तिथि
अभी भी 9.16% मतदाता ऐसे हैं, जिनका गणना प्रपत्र जमा होना बाकी है। इन्हें ध्यान में रखते हुए अंतिम तिथि 25 जुलाई तय की गई है। ऐसे में बीएलओ की यह अंतिम 'दस्तक' बेहद अहम मानी जा रही है।
शहरी निकायों में विशेष कैंप
बिहार के 261 शहरी निकायों के 5,683 वार्डों में विशेष कैंप लगाए गए हैं, जहां लोग अपने गणना प्रपत्र भर सकते हैं। इन कैंपों के जरिए लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है कि वोट डालना तभी संभव है जब आपका नाम सूची में होगा।
हर योग्य नागरिक को सूची में शामिल करना मुख्य उद्देश्य
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी का कहना है कि भारत का हर वयस्क नागरिक मताधिकार का अधिकारी है। ऐसे में यह सुनिश्चित करना ज़रूरी है कि किसी भी नागरिक का नाम छूटे नहीं। यही इस अभियान का प्राथमिक लक्ष्य है। जिनका प्रपत्र अभी तक जमा नहीं हुआ है, वे निकटतम बीएलओ से संपर्क करें। ईसीआई पोर्टल या मतदाता हेल्पलाइन ऐप से भी जानकारी ली जा सकती है।












Click it and Unblock the Notifications