Bihar Politics: चिराग पासवान को VIP ऑफर, मुकेश सहनी और तेजस्वी यादव भी तैयार, चुनाव से पहले होगा खेला?
VIP offer to Chirag Paswan: बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र राजनीतिक पार्टियों ने विभिन्न रणनीतियों पर काम करना शुरू कर दिया है। पक्ष-विपक्ष के ज़ुबानी जंग के बीच दल बदल की चर्चा भी तेज़ है। इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों में शामिल VIP (विकासशील इंसान पार्टी) भी सियासी दांव खेलने के लिए तैयार बैठी है।
सीएम नीतीश कुमार की पलटी की चर्चाओं के बाद अब चिराग पासवान पर संभावनाओं की सियासत हो रही है। इसी क्रम में विकासशील इंसान पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता देव ज्योति ने आगामी चुनाव को लेकर चर्चा और सियासी समीकरणों पर खुल कर बात की।

देव ज्योति ने कहा कि चिराग पासवान और उनकी पार्टी ग़लत गठबंधन में फंसी हुई है। उन्हें अपने गठबंधन पर फिर से विचार करना चाहिए। उनके पिता स्व. रामविलास पासवान देश के दूसरे अंबेडकर जैसे थे। डॉ बीआर अंबेडकर के सिद्धांतों के आसपास उनकी विचारधारा केंद्रित थी।
सदन में जिस तरह से अंबेडकर का अपमान हुआ, अगर रामविलास पासवान ज़िंदा होते तो अंबेडकर की विरासत को कमतर आंकने की वजह से अपने वर्तमान राजनीतिक गठबंधन से खुद को और अपनी पार्टी को दूर कर लेते। चिराग पासवान को इन मुद्दों पर मंथन करना चाहिए, हमारे साथ आएं और बिहार की नई तस्वीर बनाएं।
तेजस्वी प्रसाद यादव और मुकेश सहनी मिलकर प्रदेश की तस्वीर बदलने के लिए तैयार बैठे हैं। महागठबंधन के सहयोगी दलों में शामिल सभी पार्टियों की तैयारी पूरी है। आज की तारीख में चुनाव का ऐलान हो जाए VIP चुनावी बिगुल फूंकने के लिए तैयार है।
भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन के खिलाफ विपक्ष का सामूहिक रुख शामिल है। चुनाव अभियान, पार्टी संगठनात्मक रणनीति और बिहार के सामाजिक-राजनीतिक परिदृश्य को लेकर VIP बूथ स्तर तक सियासी ज़मीन मज़बूत कर चुकी है। प्रदेश की जनता महागठबंधन के साथ क़दम से क़दम मिलाकर चल रही है।
VIP के पास मिशन 2025 को लेकर पूरा रोड मैप तैयार है, जनता का विकासशील इंसान पार्टी के प्रति प्यार और विश्वास बढ़ा है। अब हर वर्ग और समुदाय के लोग VIP से जुड़ रहे हैं। हम लोग मिलकर बिहार में बेरोज़गारी, महंगाई और उद्योग को लेकर मंथन कर रहे हैं, ताकि सरकार बनते ही प्रदेश के बच्चे, युवा, महिला और बुज़ुर्ग को मूलभूत सुविधाओं को तुरंत लाभ दे सकें।












Click it and Unblock the Notifications