'ब्याज पर पैसा, मोटरसाइकिल गिरवी' मुकेश सहनी के पिता की हत्या के मामले में आया नया मोड़
विकासशील इंसान पार्टी के मुखिया मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की निर्मम हत्या के बाद पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है। जीतन सहनी की हत्या में इन लोगों की भूमिका संदिग्ध है, जिसके बाद पुलिस ने इन्हें हिरासत में लिया है।
बता दें कि बिहार के दरभंगा में जीतन सहनी की निर्मम हत्या कर दी गई थी। घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में देखा जा सकता है कि सोमवार की रात तकरीबन 10.30 से 11 बजे के बीच चार लोग घर के अंदर जाते हैं। कुछ देर के बाद ये सभी बाहर निकलते हैं और चले जाते हैं।

पुलिस कर रही जांच
इन सभी चार लोगों की फोन की डिटेल को पुलिस खंगाल रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि जीनत सहनी के साथ इनका क्या संबंध था, क्या इन लोगों ने किसी तरह का कोई लेनदेन किया था। आखिर क्यों ये लोग इतनी रात में जीतन के घर गए। इन तमाम पहलुओं की पुलिस जांच कर ही है और इससे जुड़ी हर जानकारी को इकट्ठा करने की कोशिश कर रही है।
ब्याज पर पैसा देने का मामला
अभी तक की जांच में यह बात पता चली है कि इन चार लोगों ने में से एक या दो लोगों ने जीतन से ब्याज पर पैसा उधार लिया था। कुछ दिन पहले इन लोगों का जीतन के साथ विवाद हुआ था। इन चार में से एक व्यक्ति ने अपनी मोटरसाइकिल को सिक्योरिटी के तौर पर गिरवी रखा था। बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल को छुड़ाने के लिए ही ये रात में सहनी के घर गए थे।
हुई थी कहासुनी
जांच में यह बात भी सामने आई है कि इन चार लोगों में से दो लोगों की जीतन के साथ बहस हुई थी। इस दौरान इन लोगों ने सबक सिखाने की धमकी दी थी। बहरहाल पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच कररही है और लेनदेन की जानकारी इकट्ठा करने की कोशिश कर रही है।
गौर करने वाली बात है कि जीतन सहनी का मंगलवार को दरभंगा के सुपौल बिरौल बाजार में अंतिम संस्कार कर दिया गया। मुकेश सहनी प्रदेश सरकार में मंत्री रह चुके हैं। ऐसे में इस हाइ प्रोफाइल हत्याकांड की पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
मुकेश सहनी बोले, हम डरने वाले नहीं
इस हत्या के बाद मुकेश सहनी ने कहा कि मेरे पिता की बेरहमी से हत्या की गई है। जिस क्रूरता से उन्हें मारा गया है, उसे मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता। यह पूरे परिवार के लिए अत्यंत दुखद, असहनीय घटना है। निषाद समाज इसे काला दिवस के रूप में मनाएगा। लेकिन हमें कोई भी डरा नहीं सकता है।
बता दें कि मुकेश सहनी के पिता का शव मंगलवार को क्षत-विक्षत हालत में मिला था। उनकी धारदार हथियार से हत्या की गई थी। दरभंगा के एसपी जगुनाथ रेड्डी ने भी इसकी पुष्टि की है। जीतन सहनी का घर सुपौल बाजार के अफजला पंचायत में है।












Click it and Unblock the Notifications