तेजस्वी के आरोपों पर भड़के डिप्टी CM विजय सिन्हा, वोटर लिस्ट विवाद में दिया करारा जवाब, जानें क्या कहा?
Vijay Kumar Sinha Tejashwi Yadav voter list controversy: बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा पर दो शहरों की वोटर लिस्ट में नाम होने के तेजस्वी यादव के आरोप के बाद सियासी घमासान तेज हो गया है। तेजस्वी ने दावा किया था कि विजय सिन्हा के नाम अलग-अलग जगह और अलग-अलग उम्र के साथ दर्ज हैं। इस पर पटना से लेकर राज्य की राजनीति में बयानबाजी का दौर शुरू हो गया।
वहीं विजय सिन्हा ने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने अप्रैल 2024 में अपना नाम लखीसराय विधानसभा में जोड़ने और पटना से हटाने के लिए आवेदन किया था, लेकिन तकनीकी वजह से नाम नहीं हटा। उन्होंने इसे झूठा आरोप बताते हुए तेजस्वी से माफी की मांग की।

तेजस्वी यादव के आरोपों पर विजय सिन्हा का पलटवार
राजद नेता तेजस्वी यादव के आरोपों पर बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा, 'पहले मेरा पूरा परिवार पटना में दर्ज था। अप्रैल 2024 में मैंने लखीसराय विधानसभा में नाम जोड़ने के लिए आवेदन किया। साथ ही, वहां से नाम हटाने का फॉर्म भी भरा। मेरे पास इसका प्रमाण है। किसी कारण से नाम नहीं हट पाया, तो मैंने बीएलओ को बुलाकर लिखित आवेदन दिया और रसीद ली... मेरे पास दोनों दस्तावेज हैं। मेरा डिलीशन फॉर्म रिजेक्ट हो गया... मैं सिर्फ एक ही जगह से वोट करता हूं। पिछली बार भी लखीसराय से ही वोट किया था और इस बार भी वहीं से फॉर्म भरा है।'
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि, 'दुख है कि संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति राजनीति को अपनी भाषा से कलंकित कर रहे हैं, यह उनके पद के अनुरूप नहीं है। पूरी सच्चाई सामने आनी चाहिए। पूरा बिहार और देश जानता है कि जंगलराज के युवराज जिस तरह दूसरों को बदनाम करने का खेल खेलते हैं, उन्हें माफी मांगनी चाहिए और ऐसे झूठे आरोप बिल्कुल नहीं लगाने चाहिए।'
तेजस्वी यादव ने क्या आरोप लगाया था?
आरजेडी नेता और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने मौजूदा डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनके पास दो अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में दो EPIC (मतदाता पहचान) नंबर दर्ज हैं। तेजस्वी के मुताबिक, एक मतदाता सूची में उनकी उम्र 57 साल दर्ज है, जबकि दूसरी में 60 साल, और यह जानकारी चुनाव आयोग के एप्लिकेशन पर भी उपलब्ध है। तेजस्वी यादव ने कहा कि यह गड़बड़ी नई मतदाता सूची में भी मौजूद है, जिसकी प्रति सभी दलों के जिला अध्यक्षों को दी गई है।
ये भी पढ़ें Tejashwi Yadav ने रक्षाबंधन पर खेला इमोशनल कार्ड, 'मेरे नाम की राखी बांधें, 70 हजार करोड़ का शगुन दूंगा'
निर्वाचन आयोग ने भेजा नोटिस
बांकीपुर निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी ने उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा को दो ईपीआईसी नंबर होने के आरोप में नोटिस जारी किया है और 14 अगस्त शाम 5 बजे तक जवाब देने को कहा है।












Click it and Unblock the Notifications