वैशालीः कॉलेज में दाखिला लेकर लौट रहे चार दोस्तों को ट्रक ने रौंद डाला, 3 की मौत
वैशाली। बिहार के वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर सिंघाड़ा गांव में शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। सड़क दुर्घटना के बाद लोगों ने जमकर बवाल किया। घटना से गुस्साए लोगों ने महुआ-ताजपुर मार्ग को जाम कर दिया और सड़क पर आगजनी की, जिसके कारण इस मार्ग पर वाहनों का परिचालन काफी देर तक ठप रहा। मौके पर जुटी आक्रोशित भीड़ प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करती रही।

मोहनपुर धनराज का रहने वाला 18 वर्षीय राजू कुमार अपने तीन दोस्तों के साथ कॉलेज से लौट रहा था। दरअसल, धनराज अपने साथियों के साथ स्थानीय निरसु नारायण महाविद्यालय में इंटर में नामांकन के लिए गया था। स्कूल से लौटने के दौरान कुशहर चौक से कुछ ही दूरी पर महुआ की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने चारों युवकों को कुचल डाला।
इस हादसे में राजू कुमार की मौके पर मौत हो गई। जबकि राजा कुमार और लालू कुमार उर्फ छोटू कुमार ने अस्पताल जाते वक्त रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं चौथा युवक चंदन कुमार को गंभीर हालत में पीएमसीएच भेजा गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
जिस ट्रक ने चारों युवकों को कुचला उसपर बिजली का पोल लदा हुआ था। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं आक्रोशित ग्रामीण आरोपित ट्रक चालक को गिरफ्तार करने और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे थे।
घटना के वक्त मौजूद विपिन कुमार ने बताया कि बताया कि बिजली के पोल लदा ट्रक महुआ की ओर से होते हुए समस्तीपुर की ओर जा रहा था, तभी बाइक से वह जा टकराया. दुर्घटना और हंगामें की सूचना पाकर मौके पर दलबल के साथ पहुंची महुआ पुलिस ने लोगों को काफी समझाया-बुझाया, तब जाकर जाम हटाया जा सका। महुआ थाना अध्यक्ष कृष्णानंद झा ने बताया कि ट्रक जब्त कर लिया गया है और पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications