Talent Of Bihar:पढ़ाई में कम,पेंटिंग में मुकुल का लगता है ज़्यादा मन,हुनर ऐसा कि अभिनेता सोनू सूद भी हुए मुरीद
Talent Of Bihar: बिहार में प्रतिभा की कमी नहीं है, देश से लेकर विदेशों तक में बिहार के हुनर का परचम लहराता रहा है। आज हम आपको बिहार के वैशाली ज़िला के एक ऐसे युवा कलाकार से मिलवाने जा रहे हैं, जिन्हें पढ़ने में कम और पेंटिंग में ज़्यादा मन लगता है। उन्होंने अपनी कला से अभिनेता सानू सूद को भी मुरीद बना लिया है। आइए विस्तार से युवा कलाकार के बारे में जानते हैं।
वैशाली जिला के हथसारगंज मोहल्ला (हाजीपुर) निवासी मुकुल इन दिनों सुर्खियों में छाए हुए हैं। शुरुआत से ही मुकुल को पेंटिंग का शौक था, बचपन में वह पढ़ाई से ज्यादा पेंटिंग में दिलचस्पी दिखाते थे। इस वजह से उन्हें घर वालों से डांट भी सुन्नी पड़ती थी। इसके बावजूद मुकुल दिन रात पेंटिंग में ही वक्त बिताते थे।

मुकुल को घर वाले डांटते थे, लेकिन उनके पिता अपने बेटे के हुनर को पंख देने में लगे रहते थे। पिता का साथ ऐसा मिला कि अब मुकुल 5 मिनट में किसी की भी तस्वीर हूबहू तैयार कर देते हैं। इंटर के छात्र मुकुल ने ना तो किसी से ट्रेनिंग ली है और ना ही कोई कोर्स किया है। इसके बाद भी वह बहुत ही बारीकी से किसी भी तरह की तस्वीर बना लेते हैं।
मुकुल ने नेताओं से लेकर अभिनेताओं तक की तस्वीर बनाई है। इंसान से लेकर भगवान तक की तस्वीर मिनटों में बना लेने वाले मुकुल ने बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद की एक तस्वीर बनाई थी। उनकी कलाकारी से फिल्म स्टार सोनू सूद काफी प्रभावित हुए और सम्मानित भी किया था।
आपको बता दें कि मुकुल कागज और कार्ड बोर्ड के अलावा दीवार पर भी पेंटिंग और स्केच करने का हुनर रखते हैं। यहीं वजह है कि लोग उनके कायल होते जा रहे हैं। मुकुल ने बताया कि दूसरी कक्षा में जब पढ़ रहे थे, तब से ही पढ़ाई में कम और पेंटिंग में ज्यादा मन लगता था।
मुकुल अपने द्वारा पेंटिंग बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हैं। उनके कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो चुके हैं। अब उन्हें यूट्यूब के ज़रिए भी आमदनी हो रही है। मुकुल ने कहा कि पेंटिंग करना बहुत पसंद है, इसलिए वह दिन-रात पेंटिंग ही करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications