बिहारः लड़कियों को दिये जाने वाले सैनिटरी पैड लड़कों को भी मिले, घोटाले का हुआ खुलासा
सारण। बिहार के सारण जिले के मांझी प्रखंड के एक विद्यालय में हैरान कर देने वाला घोटाला का मामला सामने आया है, जहां लड़कियों को बांटे जाने वाले सैनिटरी नैपकिन और पोशाक लड़कों को भी बांट दिये गए। मामले का खुलासा तब हुआ जब पुराने प्रधानाध्यापक के रिटायर होने पर दूसरे प्रधानाध्यापक ने पदभार ग्रहण किया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक जिले के मांझी प्रखंड के हलकोरी शाह उच्च विद्यालय में लड़कियों के चलाई जा रही योजना के तहत सैनिटरी नैपकिन और ड्रेस का लाभ कई दर्जन लड़कों को भी दिया गया।

इस घोटाले का खुलासा तब हुआ जब पुराने प्रधानाध्यापक अशोक कुमार राय के पदमुक्त होने के बाद रईस उल एहरार खान ने नए प्रधानाध्यापक के तौर पर प्रभार संभाला। पदभार ग्रहण करने के कुछ दिन बाद प्रदेश के शिक्षा विभाग ने नए प्रधानाध्यापक से बीते सत्र चल रही योजनाओं के उपयोगिता प्रमाण पत्र मांगे थे क्योंकि पुराने प्रधानाध्यापक ने करीब 1 करोड़ की योजनाओं के प्रमाण पत्र विभाग में जमा नहीं करवाए थे।
इसके बाद जब रईस उल एहरार खान ने बैंक स्टेटमेंट निकलवाए तो पता चला कि लड़कियों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की राशि लड़कों के खातों में भी डाली गई थी और हैरान कर देने वाली बात यह थी कि सैनिटरी नैपकिन तक का पैसा दर्जनों लड़कों के खाते में डाल दिया गया था।
यह पूरा मामला पिछले तीन वित्तीय वर्षों का है। तब उस वक्त इस विद्यालय का प्रभार अशोक कुमार राय के पास था। ऐसे में जब बैंक स्टेटमेंट में घोटाले की बात सामने आई तो उन्होंने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर पूरे मामले की जानकारी दी।
मामले को गंभीरत से संज्ञान में लेते हुए जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को एक टीम का गठन करने का निर्देश दिया है। इस मामले पर शिक्षा विभाग जांच कर रहा है। डीपीओ राजन गिरी ने बताया है कि जांच कमेटी की रिपोर्ट व अन्य विभागीय जांच के बाद दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications