Giriraj Singh Acquitted: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह समेत 23 लोगों को कोर्ट ने इस मामले में किया बरी
Giriraj Singh Acquitted: 2014 में बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर रेल रोको आंदोलन करने के मामले में कोर्ट ने गिरिराज सिंह समेत 23 लोगों को बरी कर दिया है।

Giriraj Singh Acquitted: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को कोर्ट से आज बड़ी राहत मिली है। 2014 में बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर गिरिराज सिंह समेत कई नेताओं ने रेल रोको आंदोलन किया था, उस दौरान मुजफ्फरपुर में ट्रेनों को रोके जाने के आरोप में गिरिराज सिंह और कई अन्य नेताओं के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। लेकिन बिहार के मुजफ्फरपुर में एमपी-एमएलए कोर्ट ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह सहित 23 नेताओं को बड़ी राहत देते हुए उन्हें बरी कर दिया है। रेल रोको आंदोलन के समय पुलिस ने इन लोगों को हिरासत में लिय़ा था और उनके खिलाफ केस दर्ज किया था। लेकिन इस मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से कोर्ट में सबूत पेश नहीं किए जा सके, जिसकी वजह से कोर्ट ने इन लोगों को बरी कर दिया। कोर्ट ने इस सभी आरोपियों को सबूतों के अभाव में बरी कर दिया है।
मुजफ्फरपुर की विशेष कोर्ट ने गिरिराज सिंह समेत पूर्व मंत्री सुरेश कुमार शर्मा, वीणा देवी, अरविंद सिंह, अंजू रानी, देवांशु किशोर, कमलेश्वर प्रसाद, आशीष साहू, शशिकुमार सिंह, रितेंद्र कुमार, दिनेश कुमार, धीरेंद्र प्रसाद, मनीष कुमार, अविनाश सुमन कुमार, रघुनंदन प्रसाद सिंह, मदन चौधरी, रामबाबू राय, वंदना, गीता देवी, रामसूरत राय व अन्य को बरी किया है। बता दें कि जिस वक्त कोर्ट अपना फैसला सुना रहा था उस वक्त गिरिराज सिंह कोर्ट में मौजूद थे। कोर्ट ने गिरिराज सिंह को कोर्ट में मौजूद रहने का निर्देश दिया था।
सीनियर एडवोकेट अशोक कुमार और राजीव कुमार ने इस मामले की जानकारी दी। यह केस पिछले 9 साल से चल रहा था, लेकिन इस मामले में पुलिस सबूत इकट्ठा नहीं कर सकी, ना ही किसी की गवाही को पेश कर सकी। जिसके बाद कोर्ट ने सबूतों के अभाव में सभी आरोपियों को बरी कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications