व्यापमं घोटाले की जांच पहुंची बिहार, 200 छात्रों की तलाश में सीबीआई
मतदाता पहचान पत्र संख्या के आधार पर सभी के बारे में जानकारी हासिल करने की कोशिश की जा रही है।
पटना। मध्यप्रदेश में हुए चर्चित व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं ) घोटाले में शामिल होने के आरोप में बिहार के लगभग 200 छात्रों को सीबीआई अधिकारी तलाश रहे हैं। इस मामले में भोपाल के सीबीआई अधिकारी ने इन छात्रों की मतदाता पहचान पत्र संख्या भेजी हैं। मतदाता पहचान पत्र संख्या के आधार पर सभी के बारे में जानकारी हासिल करने की कोशिश की जा रही है।

सीबीआई ने भेजी मतदाता पहचान पत्र संख्या
मिली जानकारी के अनुसार सीबीआई अधिकारियों द्वारा कुल 196 छात्रों की मतदाता पहचान पत्र संख्या भेजी गई हैं जिसमें बिहार के 31 जिले के छात्र शामिल है जो दूसरे छात्रों के बदले परीक्षा देने का काम किए थे जिसमें पटना के 23, मधुबनी के 20, मुंगेर और नालंदा के 13-13, दरभंगा के 12, खगड़िया के नौ, गया, आरा और जमुई के आठ-आठ, मुजफ्फरपुर के सात, रोहतास के 12, बेगूसराय के छह, शिवहर और जहानाबाद के पांच-पांच, बक्सर और नवादा के चार-चार, समस्तीपुर, गोपालगंज, सिवान, पूर्णिया और औरंगाबाद के तीन-तीन, सुपौल, सीतामढ़ी, अररिया, सारण, पूर्वी चंपारण, मधेपुरा, पश्चिम चंपारण के दो-दो तथा बांका से एक छात्र शामिल है।

जुटाई जा रही है छात्रों के बारे में जानकारी
इनमें से कई मतदाता पहचान पत्र संख्या ऐसी हैं जिनके बारे में डेटाबेस में जानकारी नहीं मिल पा रही है। अधिकारियों ने 102 मेडिकल छात्रों के बारे में जानकारी हासिल की थी और सभी छात्रों की तस्वीर के साथ नाम और डिटेल्स मेडिकल कॉलेज के द्वारा उपलब्ध कराए गए थे। सभी तस्वीरों को मेडिकल कॉलेज के नोटिस बोर्ड के साथ-साथ अन्य जगह प्रकाशित किया गया था लेकिन इस मामले में कोई खास जानकारी नहीं मिल पाई थी।

एमपी का बड़ा घोटाला है व्यापमं
उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश के विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं में नामांकन और नौकरी के लिए होने वाले परीक्षा में जमकर धांधली की गई थी जिसमें बड़ी रकम लेते हुए परीक्षार्थी के बदले दूसरे छात्रों को परीक्षा देने के लिए शामिल किया गया था जिनमें कई मेडिकल और इंजीनियरिंग के छात्र शामिल थे जिनकी तलाश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications