शादी में आए रिश्तेदारों ने पी सुबह की चाय, दो बच्चों की मौत, कई गंभीर
पटना। बिहार के सीतामढ़ी जिले में सुबह की चाय एक परिवार के लिए काफी घातक साबित हुई। चाय पीने से परिवार के दो बच्चे की मौत हो गई। जहर के असर से करीब 10 लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, सीतामढ़ी जिला के बथनाहा के नरौली में शादी समारोह में शामिल होने के लिए सभी पहुंचे थे। 12 मार्च को शादी होने वाली थी। रविवार की सुबह चाय पीने के बाद अचानक ननिहाल आए दो बच्चे की हालत खराब हो गई और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
चाय पीने के कारण और भी कई लोगों की हालत गंभीर हो गई जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद पूरे घर में मातम का माहौल कायम हो गया। मृत बच्चों की पहचान सहियारा थाना के कोदवारा गांव निवासी शिवनाथ राम की पुत्री शिवानी कुमारी (5) एवं सोनबरसा थाना के बिशनपुर निवासी विकाश राम के पुत्र शिवम कुमार (8) के रूप में हुई है।
वहीं मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भोला राम के पुत्र शत्रुघ्न कुमार की शादी 12 मार्च को थी। इसी शादी समारोह में शामिल होने के लिए आए दो बच्चे की चाय पीने से मौत हो गई तो कई लोग अस्पताल में भर्ती हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। बथनाहा पुलिस का कहना है कि चाय में चीनी की जगह कोई जहरीला पदार्थ मिला होगा जिस वजह से यह घटना हुई।












Click it and Unblock the Notifications