Muzaffarpur में दर्दनाक हादसा, 34 स्कूली बच्चों को ले जा रही नाव पलटी, दर्जन से ज़्यादा बच्चे लापता
Boat Accident In Muzzaffarpur: बिहार के मुजफ्फरपुर ज़िले में गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया। 34 स्कूली बच्चों को ले जा रही नाव पलट गई, जिसमें 18 बच्चे लापता बताए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि बागमती नदी में यह दर्दनाक हादसा हुआ है।
स्थानीय गोताखोरों की मदद से कई बच्चों को बाहर निकाला गया है, वहीं कुछ और बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। गायघाट क्षेत्र में एनडीआरएफ की टीम ने मौके पर बच्चों को निकालने में मदद की। नाव पलटने की जगह पर बचाव कार्य पर एनडीआरएफ अधिकारी ने भी जानकारी दी।

एनडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट रणधीर सिंह कहा कि सुबह करीब 11 बजे एनडीआरएफ कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि मुजफ्फरपुर के पास बागमती नदी में एक नाव पलट गई है। जानकारी मिलने के साथ ही अपनी टीम को घटनास्थल पर पहुंचने का आदेश दिया। हमारी टीम ने मौके पर पहुंच बचाव अभियान शुरू किया।
रणधीर सिंह ने कहा स्थानीय प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक नाव पर 25-30 लोग सवार थे। अब तक करीब 20 लोगों को बचा लिया गया है। हमारी डीप डाइवर्स टीम भी लोगों को बचाने में जुटी है। आगे जो भी जानकारी मिलेगी आप लोगों को साझा कर दी जाएगी।
मुजफ्फरपुर में हुए दर्दनाक हादसे पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी शोक व्यक्त किया, वहीं पीड़ित परिवार को हर मुमकिन मदद पहुंचाने का भी आश्वासन दिया। हादसे के तुरंत बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रतिक्रिया आने पर लोगों ने सीएम की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि खुशी है कि सरकार ने तुरंत मामले में संज्ञान लिया है।












Click it and Unblock the Notifications