Bihar Today: आज 'वोटर अधिकार यात्रा' में शामिल होंगे अखिलेश यादव, नीतीश सरकार करेगी कैबिनेट बैठक
Bihar Hindi News Today- 29 August 2025: बिहार की राजनीति (Political) में हलचल हो या गवर्नमेंट (Government) का कोई बड़ा फैसला। विकास कार्यों की बात हो या जनता से जुड़े अहम कार्यक्रम- बिहार टुडे में आपको सबसे पहले मिलेगा राज्य से जुड़ा हर बड़ा अपडेट। आइए जानते हैं आज 29 अगस्त को क्या-क्या होने वाला है।
वोटर अधिकार यात्रा में शामिल होंगे अखिलेश यादव
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव आज बिहार दौरे पर रहेंगे। पहले उनका कार्यक्रम 28 अगस्त का था, लेकिन अब यह यात्रा 29 अगस्त से शुरू होगी। अखिलेश 29 और 30 अगस्त तक बिहार में रहेंगे और 30 अगस्त की रात लखनऊ लौटेंगे। इस दौरान वे कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव के साथ 30 अगस्त को आरा से सिवान तक संयुक्त रोड शो करेंगे। यह रोड शो विपक्षी दलों की एकजुटता का बड़ा प्रदर्शन माना जा रहा है।

नीतीश सरकार की कैबिनेट बैठक आज
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 29 अगस्त को सुबह 10:30 बजे मुख्य सचिवालय में कैबिनेट बैठक बुलाई है। खास बात यह है कि यह एक हफ्ते में दूसरी कैबिनेट बैठक होगी। माना जा रहा है कि इसमें रोजगार और महिलाओं (आधी आबादी) से जुड़े बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।
सिवान में इंडिया गठबंधन का कार्यकर्ता सम्मेलन
वोटर अधिकार यात्रा के तहत 29 अगस्त को सिवान में इंडिया गठबंधन की बड़ी रैली की तैयारियों को लेकर अशोका होटल में कार्यकर्ता सम्मेलन हुआ। इसमें झारखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे भारी संख्या में पहुंचकर राहुल गांधी, तेजस्वी यादव का ऐतिहासिक स्वागत करें।
बिहार में हॉकी का महासंग्राम
बिहार पहली बार हीरो एशिया कप हॉकी 2025 की मेजबानी करने जा रहा है। टूर्नामेंट 29 अगस्त से 7 सितंबर तक राजगीर में खेला जाएगा। इसमें भारत समेत चीन, जापान, चीनी ताइपे, मलेशिया, कोरिया, ओमान और बांग्लादेश की शीर्ष टीमें हिस्सा लेंगी।
बिहार में मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने 29 अगस्त के लिए बिहार में बड़ा अलर्ट जारी किया है। बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, अरवल और औरंगाबाद को छोड़कर पूरे राज्य में येलो अलर्ट रहेगा। कई जिलों में बारिश और आंधी-तूफान के साथ ठनका गिरने की संभावना है। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। लगातार बारिश से कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है और अगले 3-4 दिन तक मानसून एक्टिव रहेगा। लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।












Click it and Unblock the Notifications