जगदानंद सिंह की नाराजगी को लेकर तेजस्वी ने दी सफाई, कहा- नाराज होते तो सामने से व्यक्त करते
पटना। राष्ट्रीय जनता दल में इन दिनों सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। क्योंकि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पिछले एक हफ्ते से पार्टी कार्यालय नहीं जा रहे हैं। लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप की बयानबाजी के बाद जगदानंद सिंह इस कदर नाराज हुए कि 15 अगस्त के दिन झंडा फहराने के लिए कार्यालय नहीं पहुंचे। वहीं लालू यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव ने जगदानंद सिंह की नाराजगी के खबरों को बेबुनियाद बताया है।

तेजस्वी यादव ने मीडिया में आकर खुद इस मुद्दे पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि जगदानंद सिंह बिल्कुल नाराज नहीं हैं। अगर कोई नाराज होता है तो वह अपनी नाराजगी लोगों के सामने व्यक्त करता है। जगदानंद सिंह ने मीडिया के सामने कोई नाराजगी नहीं जताई है। यह सिर्फ मीडिया की अटकलें हैं। पार्टी कार्यालय में नहीं पहुंचने का कोई व्यक्तिगत कारण भी हो सकता है।
वहीं जातीय जनगणना को लेकर सीएम नीतीश कुमार द्वारा पीएम को पत्र लिखे जाने के बाद सीएम नीतीश कुमार को बातचीत के लिए नहीं बुलाए जाने पर तेजस्वी यादव ने सवाल किया। उन्होंने कहा कि जदयू एनडीएम का सबसे बड़ा सहयोगी दल है। ऐसे में अगर सीएम द्वारा पत्र लिखे जाने के बाद भी पीएम की तरफ से कोई बुलावा नहीं आता है तो यह सीएम का अपमान है। पूरे सदन की तरफ से केंद्र को चिट्ठी लिखी गई है जातीय जनगणना आज के दिन में सबसे ज्यादा जरूरी मुद्दा है।
जातीय जनगणना और आरक्षण को लेकर आरसीपी सिंह ने बयान देते हुए कहा था कि आज के दिन में आरक्षण कोई मुद्दा नही हैं। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने जवाब देते हुए कहा कि जब नीतीश कुमार पत्र लिख रहे हैं और यह पत्र सभी दलों की तरफ से दिया गया है फिर दूसरा कोई क्या बयान देता है उसका कोई मतलब नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications