Budget 2024: बिहार को विशेष राज्य का दर्जा नहीं मिलने पर भड़के तेजस्वी यादव, कहा-'मांग से पीछे नहीं हटेंगे'
Budget 2024: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को संसद में बजट पेश किया। इस बजट में बिहार को विशेष राज्य का दर्जा नहीं दिया गया है। हालांकि केंद्र सरकार ने बिहार को आर्थिक मदद देने की बात कही है। इससे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार काफी खुश दिखे।
लेकिन विपक्ष ने इस बजट को निराशाजनक बताया है। उनका कहना है कि बजट में बिहार के लिए कुछ खास नहीं है। बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने साफ कर दिया है कि वह बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने की मांग से पीछे नहीं हटेंगे।

इसे लेकर तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि आज के बजट में बिहार के लोगों को फिर निराश किया है। बिहार को प्रगति के पथ पर ले जाने के लिए एक रिवाइवल प्लान की जरूरत थी। जिसके लिए विशेष राज्य के दर्जे के साथ विशेष पैकेज की सख्त जरूरत है।
उन्होंने आगे लिखा कि रूटीन आवंटन तथा पूर्ण स्वीकृत निर्धारित और आवंटित योजनाओं को नई सौगात बताने वाले बिहार का अपमान ना करें। पलायन रोकने प्रदेश का पिछड़ापन हटाने तथा उद्योग धंधों के साथ-साथ युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए हम विशेष राज्य के दर्जे की मांग से इंच भर भी पीछे नहीं हटेंगे।
बिहार राज्य को विशेष दर्जा देने की मांग लंबे समय से की जा रही है। बिहार में मंगलवार को विधानमंडल के दोनों सदनों में विपक्ष ने इस मुद्दे पर सरकार को घेरने की कोशिश भी की है। सदन में जमकर हंगामा हुआ। हालांकि तेजस्वी यादव विधानसभा की कार्रवाई में शामिल नहीं हुए। वे इस समय विदेश में है।
बिहार को विशेष राज्य का दर्जा मिलने से राज्य को कई तरह की आर्थिक लाभ होंगे। इससे राज्य में विकास को गति मिलेगी और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। राज्य सरकार लंबे समय से केंद्र से इसकी मांग करती रही है। लेकिन केंद्र सरकार ने अब तक इस मांग को नहीं माना है। केंद्र सरकार का तर्क है कि बिहार को विशेष राज्य देने के लिए जो मानदंड तय किए गए हैं। उन पर वह खरा नहीं उतरता है।












Click it and Unblock the Notifications