तेज प्रताप यादव ने जताई हत्या की आशंका तो BJP और JDU ने कहा- डरने की बात नहीं सुशासन की सरकार आपके साथ है
पटना। राष्ट्रीय जनता दल में चल रहे बवाल के बीच लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे ने मामले को और बड़ा कर दिया है। तेज प्रताप यादव ने ने अपनी हत्या की आशंका जताई है। बीते बुधवार की रात को एक न्यूज चैनल से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह की हैसियत है तो वह उन पर कार्रवाई करें? तेज प्रताप ने आशंका जताई है कि जिस तरह से कार्रवाई हो रही है उस तरह से पार्टी के भीतर उनके विरोधी उनकी हत्या करा सकते हैं।

Recommended Video
वहीं तेज प्रताप के इस बयान के बाद जदयू और भाजपा ने इस विवाद में एंट्री ले ली है। जदयू पार्टी के प्रवक्ता निखिल मंडल ने गुरुवार को तेज प्रताप यादव को भरोसा दिलाया है कि उन्हें डरने की जरूरत नहीं है। सुशासन के राज में तेज प्रताप को पूरी सुरक्षा दी जाएगी। वहीं, भाजपा के युवा मोर्चा ने तेज प्रताप यादव को भाजपा में आने का न्योता दिया है।
जदयू के प्रदेश प्रवक्ता निखिल मंडल ने कहा कि राजद के अंदर क्या कुछ हो रहा है। इसको लेकर कुछ नहीं कहेंगे। तेज प्रताप यादव दहशत में हैं और उन्हें अपनी हत्या का डर सता रहा है तो वे सरकार से मदद ले सकते हैं। सीएम नीतीश कुमार के सुशासन की सरकार में तेज प्रताप यादव को कुछ भी नहीं होगा। सरकार उनकी पूरी सुरक्षा करेगी। तेज प्रताप को डरने की जरूरत नही है।
इसके अलावा जदयू प्रवक्ता निखिल मंडल ने कहा कि बुधवार की देर रात तेज प्रताप यादव ने राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह पर कई सारे आरोप लगाए। इस दौरान उन्होंने ये भी कहा कि उनका मर्डर हो सकता है। उनकी जान को खतरा है। उनकी हत्या भी करवाई जा सकती है। साथ ही साथ उनके सहयोगी का भी मर्डर कराया जा सकता है। इस स्थिति में तेज प्रताप से आग्रह है कि उन्हें कोई खतरा लगता है तो सरकार आपके साथ है। पुलिस प्रशासन आपके साथ है। आप एक आवेदन दीजिए, निश्चित रूप से कार्रवाई होगी।
वहीं भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता सन्नी श्रीवास्तव ने गुरुवार को कहा कि तेज प्रताप यादव अपनी पार्टी में असुरक्षित हैं। अपमानित महसूस कर रहे हैं तो वे बीजेपी ज्वॉइन कर सकते हैं। यहां उनका पूरा सम्मान होगा। उन्हें भाजपा में सुरक्षित रखा जाएगा। यदि, वह राजद में अपने आप को संकुचित और पीड़ित समझ रहे हैं तो भाजपा में वह फ्रीडम के साथ राजनीति कर सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नारा है सबका साथ सबका विकास तो उनका भी साथ दिया जाएगा और उनका भी विकास किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications