'जनता उनका बुखार उतार देगी', Lalu Yadav पर सम्राट चौधरी की टिप्पणी से भड़के तेज प्रताप यादव, दी खुली चुनौती
बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव (Lalu Yadav) को लेकर बीजेपी नेता और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी (Samrat Chaudhary) के बयान ने सियासी पारा चढ़ा दिया है। इस बयान के बाद लालू यादव के बड़े बेटे और हसनपुर से आरजेडी विधायक तेज प्रताप यादव ने कड़ा जवाब देते हुए सम्राट चौधरी को 'हद में रहने' की चेतावनी दे डाली है।
तेज प्रताप ने कहा कि, 'सम्राट चौधरी का अस्तित्व अब खत्म हो चुका है। वे उस पार्टी (बीजेपी) से आते हैं जिसकी सोच नाथूराम गोडसे जैसी है, जिसने गांधी जी की हत्या की थी। ये लोग सदन में गुंडागर्दी दिखा रहे हैं।'

उन्होंने कहा कि, 'किसी के पिता को गाली देना इनके लिए आम हो गया है। अगर हम इनके पिता के लिए ऐसा बोलें तो इन्हें कैसा लगेगा?'
तेज प्रताप ने यह भी कहा कि विपक्ष गठबंधन के लोग सदन में जनता के मुद्दे उठा रहे हैं, लेकिन सरकार के लोग उल्टा गाली-गलौज और हंगामा कर रहे हैं। उन्होंने सम्राट चौधरी को चेताते हुए कहा कि, 'बिहार की जनता उनका बुखार उतार देगी। उन्हें अपनी मर्यादा में रहकर बोलना चाहिए, नहीं तो जनता जवाब दे देगी।
सम्राट चौधरी के बयान पर भड़के
दरअसल, बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी जंग जारी है। बिहार विधानसभा में गुरुवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के बीच जमकर बहस हो गई। चौधरी ने तेजस्वी पर हमला बोलते हुए कहा कि जिसका बाप अपराधी है, वो क्या बोलेगा। वहीं तेजस्वी ने कहा कि बीजेपी के उपमुख्यमंत्री मुझे गालियां देते हैं। अगर सरकार में हिम्मत है तो मुझे जेल भेज दे या गोली मार दे।
बाद में बीजेपी पर हमला बोलते हुए तेजस्वी ने कहा कि भाजपा सारी सीमाएं लांघ रही है। जिस तरह से मुझे गालियां दी हैं, ऐसा सदन में आज तक कभी भी नहीं हुआ। तेजस्वी ने कहा कि मैंने कोई अपशब्द नहीं बोला है। राजनीतिक जीवन में कभी अपशब्द नहीं बोला है। साथ ही उन्होंने कहा कि सदन में मुझे मां-बहनों की गालियां दी गईं।
तेजस्वी यादव इस कदर नाराज हो गए कि उन्होंने यहां तक बोल दिया कि यदि सरकार में हिम्मत है तो मुझे गोली मार दे। मैं अपना लाइसेंसी हथियार दे देता हूं, सरकार मुझे मरवा दे। तेजस्वी ने सीएम नीतीश कुमार पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने नीतीश कुमार से कहा कि अपने आसपास के लोगों से सचेत रहिए।












Click it and Unblock the Notifications