Tej Pratap Yadav Net Worth: घर-पार्टी से निकाले गए तेजप्रताप के पास कितनी संपत्ति? क्रिमिनल केस चौंकाएगा
Tej Pratap Yadav Net Worth 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में अब तेजप्रताप यादव फिर से चर्चा में हैं। इस बार वह अपनी दादी की तस्वीर लेकर नामांकन करने पहुंचे, लेकिन सुर्खियां सिर्फ उनकी भावनात्मक अपील के लिए नहीं बल्कि उनके हलफनामे में दर्ज संपत्ति और आपराधिक मामलों के कारण भी हैं।
लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और बिहार के पूर्व मंत्री तेजप्रताप अब अपनी नई पार्टी जनशक्ति जनता दल के उम्मीदवार हैं। उन्होंने महुआ विधानसभा सीट से नामांकन दाखिल किया है, वही सीट जहां से उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। ऐसे में आइए जानते हैं कितनी है तेजप्रताप यादव की कुल संपत्ति।

🔵Tej Pratap Yadav Assets: तेजप्रताप यादव की कुल संपत्ति कितनी है?
🔹तेजप्रताप यादव के 2025 के हलफनामे के मुताबिक, उनके पास इस वक्त कुल 2.88 करोड़ रुपये की संपत्ति है। इसमें चल संपत्ति 91.65 लाख रुपये और अचल संपत्ति 1.96 करोड़ रुपये की है।
🔹दिलचस्प बात यह है कि पांच साल पहले यानी 2020 में उनकी चल संपत्ति 1.22 करोड़ रुपये थी, जो अब घटकर 91.65 लाख रह गई है। वहीं अचल संपत्ति 1.6 करोड़ से बढ़कर अब 1.96 करोड़ रुपये हो गई है।
🔹हलफनामे के मुताबिक तेजप्रताप यादव की कुल आय (2024-25) ₹22,93,254 है, जिसमें से ₹22,67,919 आयकर धारा 10(17) के तहत कर-मुक्त है।
🔹तेजप्रताप यादव ने किसी भी प्रकार की देनदारी या ऋण (Liabilities) नहीं दिखाई है। तेजप्रताप के पास 6.85 लाख रुपये की बाइक, बीएमडब्ल्यू, स्कोडा और अमेज जैसी कारें हैं।
🔵तेजप्रताप पर आठ आपराधिक मामले दर्ज (Tej Pratap Yadav Criminal Case)
तेजप्रताप यादव ने अपने हलफनामे में खुलासा किया कि उन पर कुल 8 आपराधिक मामले लंबित हैं। इनमें भारतीय दंड संहिता (IPC) की कई गंभीर धाराएं शामिल हैं - 147, 149, 188, 307, 333, 353, 427, 504 जैसी धाराओं के साथ-साथ SC/ST Act और Epidemic/Disaster Management Act की धाराएं भी लगी हैं। हालांकि तेजप्रताप ने यह भी कहा कि किसी भी मामले में उन्हें दोषी नहीं ठहराया गया है।

🔵तेजप्रताप ने हलफनामे में पत्नी ऐश्वर्या राय का नहीं किया जिक्र
तेजप्रताप यादव के हलफनामे में उनकी पत्नी ऐश्वर्या राय का कोई विवरण नहीं दिया गया है। कारण यह है कि दोनों के बीच तलाक का मामला पटना के पारिवारिक अदालत में विचाराधीन है। शादी के बाद से दोनों के रिश्तों में लगातार तनाव रहा है और अब मामला कानूनी प्रक्रिया में है।
🔵कितने पढ़े-लिखे हैं तेजप्रताप यादव?
हलफनामे के मुताबिक, तेजप्रताप यादव ने 2010 में इंटरमीडिएट (12वीं) पास की है। उन्होंने राममोहन राय सेमिनरी +2, पटना से बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के तहत इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की थी।
दादी की तस्वीर लेकर पहुंचे नामांकन करने
गुरुवार को जब तेजप्रताप नामांकन करने पहुंचे, तो उनके हाथ में अपनी दिवंगत दादी की तस्वीर थी। उन्होंने कहा, ''मेरे माता-पिता और दादी का आशीर्वाद मेरे साथ है। हमारी दादी हमारी गुरु थीं, उन्होंने हमेशा सिखाया कि जनता की सेवा ही असली धर्म है। जब उनके आशीर्वाद के साथ आगे बढ़ता हूं तो कोई चुनौती बड़ी नहीं लगती।''
तेजप्रताप ने आगे कहा, ''मैंने महुआ में मेडिकल कॉलेज की मंजूरी दिलाई थी। इस बार जनता मौका देगी तो इंजीनियरिंग कॉलेज भी खुलवाऊंगा। मेरा सपना है कि महुआ को जिला बनाया जाए और यहां के युवाओं को रोजगार के अवसर मिलें।''

घर-परिवार से दूरी और नई पार्टी
तेजप्रताप यादव को RJD से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया गया था। खुद उनके पिता लालू प्रसाद यादव ने यह कार्रवाई की थी, जब तेजप्रताप ने एक महिला के साथ रिश्ते की बात सोशल मीडिया पर कबूल की थी। बाद में उन्होंने वह पोस्ट यह कहकर हटा दिया कि उनका अकाउंट "हैक" हो गया था। इसके बाद लालू यादव ने कहा कि तेजप्रताप "गंभीरता नहीं दिखा रहे" और पार्टी से दूरी बना ली। नतीजा ये हुआ कि तेजप्रताप ने नई पार्टी "जनशक्ति जनता दल" बना ली और अब उसी से चुनाव मैदान में हैं।
महुआ विधानसभा सीट में कब होगी वोटिंग?
तेजप्रताप यादव महुआ विधानसभा सीट से ही दोबारा किस्मत आजमा रहे हैं। साल 2020 तक वह यहीं से विधायक थे, बाद में उन्हें हसनपुर भेजा गया था। इस बार महुआ सीट पर 6 नवंबर को मतदान होगा और 14 नवंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications