RJD से दूरी बढ़ा रहे तेजप्रताप! बहन, परिवार और पार्टी को किया अनफॉलो, अब फॉलोइंग लिस्ट में सिर्फ इतने लोग
Tej Pratap Yadav (Bihar Chunav 2025): राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और हसनपुर से विधायक तेजप्रताप यादव ने एक बार फिर राजनीतिक और पारिवारिक हलकों में हलचल मचा दी है। तेजप्रताप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर RJD के आधिकारिक हैंडल के साथ-साथ अपनी बहनों मीसा भारती, राज लक्ष्मी यादव, हेमा यादव और कई परिजनों-परिवार को अनफॉलो कर दिया है।
तेजप्रताप, जो पहले 19 अकाउंट्स को फॉलो करते थे, अब केवल 6 को ही फॉलो कर रहे हैं। वो अभी फिलहाल पिता लालू यादव, भाई तेजस्वी यादव, माता राबड़ी देवी, अखिलेश यादव, अभिनेता रितेश देशमुख और टीम तेज प्रताप यादव को फॉलो करते हैं। उनके इस कदम ने अटकलों को हवा दी है कि वे पार्टी और परिवार से खुद को अलग कर रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं और राजनीतिक विश्लेषकों के बीच इस बात को लेकर चर्चा जोरों पर है कि तेजप्रताप अब RJD से बगावत की राह पर हैं।


'RJD टिकट मिले या न मिले, मैं महुआ से चुनाव लड़ूंगा': तेजप्रताप
मीडिया चैनल को दिए इंटरव्यू में तेजप्रताप यादव ने साफ कर दिया कि वे बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में वैशाली जिले की महुआ सीट से चुनाव लड़ेंगे, चाहे उन्हें RJD टिकट दे या नहीं।
उन्होंने कहा, "महुआ की जनता चाहती है कि मैं यहीं से चुनाव लड़ूं। अगर RJD किसी और को टिकट देती है, तो लोग उसे वोट नहीं देंगे। अगर पार्टी टिकट देती है, तो मैं RJD से लड़ूंगा, नहीं तो निर्दलीय।" तेजप्रताप 2015 में भी महुआ सीट से चुनाव जीतकर स्वास्थ्य मंत्री बने थे। वर्तमान में यहां से RJD के मुकेश कुमार रोशन विधायक हैं।
'महुआ मेरी कर्मभूमि है': तेजप्रताप ने गिनाई उपलब्धियां
तेजप्रताप ने बताया कि उन्होंने महुआ में मेडिकल कॉलेज, सड़कें और एंबुलेंस सुविधाएं उपलब्ध कराईं। तेजप्रताप ने कहा, "मेरी मां राबड़ी देवी ने MLC फंड से एंबुलेंस दिलवाई थी। मैंने इस इलाके के लिए काम किया है और अब इसे जिला घोषित करवाने और डिग्री कॉलेज खुलवाने की दिशा में काम करूंगा।''
'टीम तेजप्रताप यादव' का झंडा लेकर दिखा नया संकेत
कुछ दिन पहले तेजप्रताप और उनके समर्थक "टीम तेजप्रताप यादव" लिखे हरे-सफेद झंडे के साथ नजर आए, जिससे यह संकेत मिला कि वे RJD से इतर अपनी अलग राजनीतिक पहचान बना सकते हैं।
उन्होंने कहा, "टीम तेजप्रताप एक जनसंपर्क अभियान है। लोग मुझसे सोशल मीडिया पर जुड़कर अपनी समस्याएं साझा कर सकते हैं और मैं समाधान की कोशिश करूंगा।"
नीतीश पर निशाना, तेजस्वी को लेकर शंका
तेजप्रताप ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी हमला बोला और कहा कि बीपीएससी छात्रों पर हुए लाठीचार्ज से साबित हो गया कि अब उनकी सरकार नहीं टिकेगी। बिहार को अब एक युवा नेता की जरूरत है।
जब उनसे पूछा गया कि क्या उनका इशारा तेजस्वी यादव की तरफ है, तो तेजप्रताप ने जवाब दिया, "अगर तेजस्वी के चारों ओर बैठे जयचंद हट जाएं, तभी वो मुख्यमंत्री बन पाएंगे।"
बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारी जोरों पर
बिहार की 243 सीटों वाली विधानसभा के लिए चुनाव अक्टूबर या नवंबर 2025 में संभावित हैं। मुख्य मुकाबला एनडीए (JDU-BJP-LJP-R) और महागठबंधन (RJD-कांग्रेस-लेफ्ट) के बीच है। लेकिन तेजप्रताप के ताजा तेवरों ने साफ कर दिया है कि RJD को अब भीतर से भी चुनौती मिल सकती है।












Click it and Unblock the Notifications