तेजस्वी को सुशील मोदी की नसीहत, कहा- पिता से पूछें कि उनकी सरकार में कैसे-कैसे मंत्री बनाए
पटना। बिहार विधानसभा में इन दिनों खूब घमासान मचा हुआ है। वहीं नीतीश सरकार के मंत्री पर तेजस्वी यादव के बयान के बाद प्रदेश में राजनीतिक भूचाल आ गया है। सत्तारूढ़ दल के नेता तेजस्वी यादव के खिलाफ एक साथ उतर गए हैं। इसी बीच राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने भी तेजस्वी यादव को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने तेजस्वी को नसीहत देते हुए कहा कि शीशे के घर में रहकर दूसरों पर पत्थरबाजी नहीं करनी चाहिए।

भाजपा सांसद ने ट्वीट करते हुए कहा कि तेजस्वी यादव को अपने पिता लालू प्रसाद यादव से पूछना चाहिए कि उन्होंने कैसे-कैसे मंत्री बनवाये थे। राजद बताए कि पिछली विधानसभा में पहली बार विधायक बनने वाले आठवीं और इंटर पास लोगों को तीन-तीन विभागों का कैबिनेट मंत्री कैसे बनवाया गया था।
सुशील मोदी ने कहा कि वे बताएं साल 1997 में उनकी पार्टी ने कई योग्य लोगों के रहते हुए एक ऐसी घरेलू महिला को सीएम क्यों बनवाया, जो अधिकारियों की हिंदी-अंग्रेजी में लिखी फाइल को न पढ़ सकती थीं, न समझ सकती थीं। तेजस्वी यादव को शीशे के घर में रहकर दूसरों पर पत्थरबाजी नहीं करनी चाहिए।
साथ ही सुशील मोदी ने कहा कि किसी व्यक्ति को मंत्री बनाने के सीएम के फैसले और संबंधित व्यक्ति की योग्यता पर सवाल उठा कर विपक्ष के नेता ने फिर अपनी अपरिपक्वता और अपात्रता दिखाई है। तेजस्वी ने सरकार से एक सवाल पूछ कर सौ सवाल अपने ही दल की तरफ खड़े कर दिये।












Click it and Unblock the Notifications