सुशील मोदी ने कहा- जगदानंद सिंह में स्वाभिमान बचा हो तो RJD से रास्ता अलग कर लेना चाहिए
पटना। लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और राजद विधायक तेजप्रताप यादव इन दिनों अपनी ही पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं। तेजप्रताप लगातार बयानबाजी कर रहे हैं। इसी कड़ी में बीते रविवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में छात्र सभा के दौरान तेजप्रताप ने प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह को हिटलर बताया था और कहा था कि कुर्सी को बपौत समझ रहे हैं। वहीं अब इस मामले पर भाजपा से राज्यसभा सांसद सुशील मोदी ने लालू परिवार को घेर लिया है।

सुशील मोदी ने कहा कि राजद में प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह का जिस तरह से लगातार अपमान हो रहा है, उससे साफ है कि उस दल में उनके जैसे वरिष्ठ, शालीन और ईमानदार लोगों के लिए कोई जगह नहीं बची है। अगर उनमें स्वाभिमान बचा हो तो उन्हें अपने रास्ते अलग कर लेने चाहिए। इसके अलावा सुशील मोदी ने कहा कि लालू प्रसाद जब जमानत पर जेल से बाहर हैं, तब दूसरे वरिष्ठ नेता को हिटलर बताया जा रहा है। राजद में गरीबों, दलितों-पिछड़ों के लिए नहीं, पार्टी और संपत्ति पर कब्जे की लड़ाई चल रही है।
उन्होंने कहा कि जो पार्टी अपना घर नहीं संभाल पा रही है, वह बिहार के करोड़ों लोगों का भला क्या कर पाएगी। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद चारा घोटाला मामले में जेल की सजा अस्पताल में काट रहे थे, तब पार्टी के वरिष्ठ नेता रघुवंश प्रसाद सिंह का इतना अपमान किया गया कि उन्होंने एम्स के बेड से पार्टी से इस्तीफा भेज दिया था। रविवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में छात्र राजद की बैठक में शामिल तेजप्रताप यादव ने प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के खिलाफ बयान दिया। उन्होंने कहा कि जगदानंद सिंह हिटलर शाही चला रहे हैं और पार्टी में मनमानी कर रहे हैं।
इसके अलावा तेजप्रताप यादव ने कहा कि वह कुर्सी को अपनी बपौती समझ रहे हैं। कुर्सी किसी की नहीं होती है। कब किसकी कुर्सी चली जाए कोई ठिकाना नहीं होता है। हम भी स्वास्थ्य मंत्री थे लेकिन हमारी भी कुर्सी गई। तेजप्रताप यादव ने कहा कि पहले पार्टी कार्यालय के सारे दरवाजे खुले रहते थे और लोग आराम से आते-जाते थे। जब से नए प्रदेश अध्यक्ष बने हैं, सिस्टम ही कुछ बदल गया है। हम हैं कि सभी को एक ही सिस्टम में ले जाना चाहते हैं। इसलिए हमने भी आना-जाना शुरू कर दिया है। हमें नियम कानून से कोई फर्क नहीं पड़ता है। पार्टी में ऐसा नहीं होना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications