बिहार में लाल आतंक, नक्सली हमले में जवान शहीद
जमुई। बिहार के नक्सल प्रभावित जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के नक्सलियों ने एक निर्माणाधीन सरकारी भवन को विस्फोटक लगाकर उड़ा दिया। वहीं पुलिस के एक गश्ती दल पर नक्सलियों द्वारा किए गए हमले में विशेष कार्य बल (एसटीएफ) का एक जवान शहीद हो गया जबकि दो अन्य जवान घायल हो गए। पुलिस के अनुसार परासी गांव में निर्माणाधीन सरकारी भवन को नक्सलियों ने विस्फोटक लगाकर उड़ा दिया।
इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है परंतु निर्माणाधीन भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूत्रों के अनुसार इस भवन का निर्माण केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के शिविर के लिए किया जा रहा था। इस सूचना के बाद पुलिस का एक गश्ती दल परासी गांव की ओर आ रहा था कि तड़के करीब चार बजे गिधेश्वर पहाड़ी क्षेत्र में घात लगाए नक्सलियों ने उस पर हमला कर दिया।

घटना में एक जवान की मौत हो गई जबकि दो अन्य जवान घायल हो गए। मृतक जवान की पहचान भागलपुर निवासी अंशुमन कुमार के रूप में की गई है। जमुई के पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र राणा ने बताया कि घायलों को जमुई के सदर अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना भेजा जा रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में नक्सलियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications