सिवान फायरिंग: पहली बार गैंगवार में आया शहाबुद्दीन के बेटे का नाम, 8 पर दर्ज हुई FIR
नई दिल्ली, 5 अप्रैल: बिहार में सोमवार को विधान परिषद की 24 सीटों पर चुनाव हुए। इस दौरान सिवान में एमएलसी पद के निर्दलीय उम्मीदवार रईस खान पर एके-47 से फायरिंग की गई। इस घटना में रईस तो बच गए, लेकिन एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। अब इस गैंगवार में शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब का नाम सामने आया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रईस खान फायरिंग मामले में बिहार पुलिस ने 8 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, जिसमें शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब का भी नाम शामिल है। ये पहला मौका है जब गैंगवार में ओसामा का नाम सामने आया है। अन्य आरोपियों में चांप गांव के मो. आफताब आलम, नवलपुर के गुड्डू मियां उर्फ गुड्डू पिस्टल, ओरमा पंचायत के पूर्व मुखिया साबिर अली, शेखपुरा के डबलू खान, महुवल के आजाद अंसारी, महुवल के आसिफ सिद्दीकी, उत्तर प्रदेश के मऊ जिला के चवन्नी सिंह का नाम शामिल है।
ऐसे हुई थी घटना
रईस खान के मुताबिक वो सिवान शहर में स्थित अपने कार्यालय पुरानी किला से गांव ग्यासपुर की ओर जा रहा था, तभी महुवल गांव के पास उसके ऊपर फायरिंग की गई। इस हमले में एके-47 का इस्तेमाल हुआ था। जिसकी चपेट में आने से एक स्थानीय युवक की जान चली गई। उन्होंने दावा किया कि ये हमला उनके बढ़ते कद को देखते हुए उन पर करवाया गया है।
शहाबुद्दीन गुट से 36 का आंकड़ा
आपको बता दें कि रईस खान को बिहार में खान ब्रदर्स के नाम से जाना जाता है। लंबे वक्त से शहाबुद्दीन गुट से उनकी दुश्मनी है। इस बार एमएलसी चुनाव में रईस लड़ रहे हैं। डीआईजी के मुताबिक मामले में 8 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इसमें कुछ गिरफ्तारियां भी हुई हैं।












Click it and Unblock the Notifications