Sheohar Election 2025: शिवहर सीट पर दो राजपूत नेताओं में कड़ी टक्कर! MLA चेतन आनंद के सामने कौन?
Sheohar Assembly Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियों में जहां राजनीतिक दल अपने पत्ते खोलने लगे हैं, वहीं शिवहर विधानसभा सीट पर मुकाबला बेहद दिलचस्प होने वाला है। इस बार यहां दो राजपूत चेहरों के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल सकती है-एक ओर हैं मौजूदा विधायक चेतन आनंद, जिन्होंने 2020 में राजद के टिकट पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी और अब NDA खेमे में हैं। दूसरी ओर जनसुराज पार्टी से नीरज सिंह, जिन्होंने हाल ही में इस सीट पर ताल ठोक दी है।
सवाल ये भी उठ रहा है कि अब आरजेडी किसे टिकट देगी। संभावना है कि राधाकांत गुप्ता को राजद शिवहर से टिकट दे सकती है। मई 2025 में ही राधाकांत गुप्ता भाजपा छोड़कर राजद में शामिल हुए थे। राधाकांत गुप्ता 2020 के चुनाव में निर्दलीय लड़े थे और 14 प्रत्याशियों में चौथे स्थान रहे थे। राधाकांत गुप्ता टिकट की चाहत में ही राजद में आए हैं।

शिवहर का भौगोलिक और राजनीतिक परिचय
शिवहर जिला बिहार के सबसे छोटा जिला है, जिसे 1994 में सीतामढ़ी से अलग कर बनाया गया था। यह तिरहुत प्रमंडल में आता है और शिवहर विधानसभा सीट इस जिले की एकमात्र प्रमुख सीट है। बेलसंड विधानसभा का भी कुछ हिस्सा शिवहर जिले में आता है। इस सीट पर पहली बार 1952 में चुनाव हुआ था।
शिवहर सीट: जातीय समीकरण और प्रमुख मतदाता
शिवहर विधानसभा सीट पर 25 फीसद के करीब वैश्य हैं। इसके अलावा राजपूत, मुसलमान, यादव, ब्राह्मण और दलित मतदाताओं की संख्या खासा असर डालती है। यहां पर राजपूत और मुस्लिम वोटरों का अच्छा खासा प्रभाव रहा है। यही वजह है कि अधिकतर चुनावों में या तो राजपूत उम्मीदवार जीते हैं या फिर मुस्लिम समुदाय से ताल्लुक रखने वाले नेताओं को राजनीतिक सफलता मिली है।
शिवहर का राजनीतिक इतिहास
शिवहर विधानसभा की राजनीति में कई दिग्गजों का दबदबा रहा है, लेकिन सबसे बड़ा नाम रघुनाथ झा का रहा है। रघुनाथ झा यहां से 6 बार विधायक रहे और कई बार पार्टी बदलते हुए विधानसभा पहुंचे। कांग्रेस, जनता दल, समता पार्टी और समाजवादी जनता पार्टी जैसे दलों से वे विधायक रहे। वे केंद्र सरकार में मंत्री भी रहे।
उनके बेटे अजित कुमार झा भी दो बार विधायक रह चुके हैं। साल 2000 में सत्य नारायण प्रसाद ने राजद से जीत दर्ज की थी। 2005 में अजित कुमार झा ने वापसी की और फिर लगातार दो बार जीते। 2010 और 2015 में जदयू के शरफुद्दीन ने जीत दर्ज की। लेकिन 2020 में चेतन आनंद ने धमाकेदार वापसी करते हुए जदयू के शरफुद्दीन को भारी अंतर से हराया।
2020 में चेतन आनंद की एंट्री
पूर्व सांसद आनंद मोहन सिंह के बेटे चेतन आनंद को 2020 में राजद से टिकट मिला और उन्होंने 36,686 वोटों से जीत दर्ज की। यह जीत सिर्फ व्यक्तिगत नहीं थी बल्कि राजनीतिक संदेश भी था-एक बेटा अपनी मां की पिछली हार का बदला लेने में सफल हुआ। चेतन की जीत ने उन्हें तेजस्वी यादव के करीबी नेताओं में शामिल कर दिया।
शिवहर विधानसभा चुनाव 2025 में संभावित मुकाबला
अब 2025 के चुनाव में दो नए पहलू हैं:
- चेतन आनंद ने NDA खेमे हैं और वह जदयू उम्मीदवार हो सकते हैं।
- जनसुराज पार्टी के नीरज सिंह ने भी अपनी तैयारी शुरू कर दी है, जो राजपूत मतदाताओं पर खासा प्रभाव डाल सकते हैं।
- राजद राधाकांत गुप्ता को टिकट दे सकती है।
- एमआईएम (AIMIM) भी यहां से उम्मीदवार उतारने की तैयारी में है, जिससे मुस्लिम वोटों का बंटवारा हो सकता है।
- निर्दलीय उम्मीदवारों की परंपरा यहां पहले भी रही है और संभव है कि कोई दमदार निर्दलीय भी मैदान में हो।
शिवहर विधानसभा सीट पर अब तक कौन-कौन जीता चुनाव, देखें पूरी लिस्ट
1951-52
- शिवहर सीट: ठाकुर गिरजानंदन सिंह (कांग्रेस)
- बेलसंड सीट: चुल्हाई दुसाध (कांग्रेस)
1957
- शिवहर सीट: ठाकुर गिरजानंदन सिंह (निर्दलीय)
- बेलसंड सीट: रामस्वरूप राम (निर्दलीय)
1962
- चितरंजन सिंह (कांग्रेस) ने देवनारायण सिंह (निर्दलीय) को हराया
1967
- ठाकुर गिरजानंदन सिंह (निर्दलीय) ने टीसी सिंह (कांग्रेस) को हराया
1969
- ठाकुर गिरजानंदन सिंह (भारतीय क्रांति दल) ने जफर आलम (एसएसपी) को हराया
1972
- रघुनाथ झा (कांग्रेस) ने ठाकुर दिवाकर (निर्दलीय) को हराया
1977
- रघुनाथ झा (कांग्रेस) विजयी
1980
- रघुनाथ झा (कांग्रेस-इंदिरा) विजयी
1985
- रघुनाथ झा (जनता पार्टी) विजयी
1990
- रघुनाथ झा (जनता दल) विजयी
1995
- रघुनाथ झा (जनता दल) विजयी
1998 (उपचुनाव)
- ठाकुर रत्नाकर (राजद) विजयी (रघुनाथ झा के इस्तीफे के बाद)
2000
- सत्यनारायण प्रसाद (राजद) ने अजीत कुमार झा (समता पार्टी) को हराया
फरवरी 2005
- अजीत कुमार झा (राजद) ने ठाकुर रत्नाकर (जदयू) को हराया
अक्टूबर 2005
- अजीत कुमार झा (राजद) ने ठाकुर रत्नाकर (जदयू) को 205 वोट से हराया
2010
- शरफुद्दीन (जदयू) ने प्रतिमा देवी (बसपा) को हराया
2015
- शरफुद्दीन (जदयू) ने लवली आनंद (हम-सेक्युलर) को मात्र 461 वोट से हराया
2020
- चेतन आनंद (राजद) ने शरफुद्दीन (जदयू) को 36,686 वोट से हराया












Click it and Unblock the Notifications