शाहनवाज हुसैन का वीडियो वायरल, बोले- फ्लाइट पर चढ़ा मंत्री के तौर पर, लौटा तो मंत्रालय ही भंग हो गया
पटना, 11 अगस्त। राजनीति में कुछ भी स्थायी नहीं होता है, कल आप किसी बड़े मंत्रालय का जिम्मा संभाल रहे हैं और अगले पल भी आप इस पद पर बने रहेंगे इसकी कोई गारंटी नहीं ले सकता है। कुछ ऐसा ही भाजपा के वरिष्ठ नेता शाहनवाज हुसैन के साथ हुआ है। दरअसल बिहार में जब सियासी उठापटक चल रही थी तो शायद ही इस बात का किसी को अंदाजा था कि एकदम से एनडीए-जदयू की सरकार गिर जाएगी। लेकिन जिस तरह से अपने विधायकों और सांसदों के साथ बैठक के बाद नीतीश कुमार ने एनडीए से अलग होने का ऐलान किया उसके बाद भाजपा के नेता जो मंत्री पद पर थे उनका मंत्री पद चला गया। मंत्री पद जाने के बाद शाहनवाज हुसैन का भी दर्द छलका है।

शाहनवाज हुसैन ने कहा कि जब मैं जहाज में बैठा तो प्रदेश के उद्योग मंत्री के तौर पर बैठा था, लेकिन जब लैंड किया तो पता लगा कि मैं मंत्री नहीं हूं, सरकार ही बदल गई। शाहनवाज हुसैन का यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया पर उनके इस वीडियो के अलग-अलग मीम्स बन रहे हैं, लोग मजाक उड़ा रहे हैं। दरअसल शाहनवाज हुसैन दिल्ली में थे, वह यहां बतौर बिहार के उद्योग मंत्री एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए गए थे, लेकिन बाद में उन्हें पता चला कि उनका मंत्रालय भंग हो गया।
बिहार में एनडीए-जदयू की सरकार गिरने के बाद शाहनवाज हुसैन ने ट्वीट करके लिखा, विश्वासघात ! बिहार की जनता से ! बिहार के युवाओं से ! बिहार के उद्यमियों से! बिहार की उम्मीद और आकांक्षाओं से! फैसला भी जनता ही करेगी। भारतीय जनता पार्टी विश्वासघात पर चुप बैठने वाली नहीं है । बिहार का एक एक पार्टी कार्यकर्ता करारा जवाब देने के लिए कमर कस चुका है।












Click it and Unblock the Notifications