समस्तीपुरः रात के वक्त घर ढहने से एक ही परिवार के 6 लोग मलबे में दबे, तीन की मौत और तीन घायल
समस्तीपुर। बिहार के समस्तीपुर जिले के विद्यापति नगर थाना क्षेत्र के बंगराहा पंचायत के हेतिमपुर गांव में रुर-रुककर हो रही बारिश के चलते एक मकान ढह गया, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की डूबने से मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हो गए। मृतकों में मां-बेटी और दादी हैं। जबकि घायलों में तीन बच्चे शामिल हैं। इन तीनों बच्चों की हालत नाजुक बताई जा रही है। रविवार की देर रात को ईंट-मिट्टी और खपरैल से बना मकान अचानक भरभराकर गिर गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक परिवार के 6 लोग एक ही कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान कमरे की छत और दीवार अचानक से गिर गई। इसके बाद मलबे में सभी 6 लोग दब गए। दबने से तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई। जबकि तीन बच्चों की हालत गंभीर है और उनका इलाज चल रहा है। मृतकों की पहचान गांव के उणेश राय की पत्नी 68 वर्षीय राम सखी देवी, कैलाश राय की 32 वर्षीय पत्नी सोनिया देवी और 6 वर्षीय उसकी बेटी स्नेहा कुमारी के रूप में हुई है।
वहीं घायलों में कैलाश राय की बेटी गुड्डी कुमारी, नेहा कुमारी और पुत्र गणेश कुमार शामिल है। इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों की भीड़ पीड़ित परिवार के घर के बाहर जुटने लगी। सीओ अजय कुमार ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए परिजनों को आपदा विभाग के तहत तत्काल 60 हजार रुपए की नगद सहायता राशि प्रदान किया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को 4-4 लाख की सहायता राशि प्रदान करने की मांग की।












Click it and Unblock the Notifications